उत्तराखंड, 26 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड की वादियों में स्थित बाबा केदारनाथ का धाम सर्दियों में बर्फ से ढक जाता है लेकिन भक्तों की आस्था कभी नहीं रुकती। जब केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो जाते हैं, तब बाबा की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में स्थापित की जाती है।
गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर को लेकर अपने विचार साझा किए।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंदिर का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “रुद्रप्रयाग जिल के उखीमठ में स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर भगवान केदारनाथ का शीतकालीन निवास है और उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। सर्दियों के लिए जब श्री केदारनाथ धाम के कपाट बंद हो जाते हैं, तो बाबा केदारनाथ के पंचमुखी चल विग्रह को इसी मंदिर में स्थापित किया जाता है, जहां पूजा-अर्चना की जाती है। अपनी शीतकालीन यात्रा के दौरान बाबा केदारनाथ के इस पवित्र शीतकालीन निवास के दर्शन जरूर करें।”
ऊखीमठ का ओंकारेश्वर मंदिर सिर्फ एक मंदिर नहीं बल्कि सदियों पुरानी परंपरा और आस्था का प्रतीक है। हाल ही में नवंबर 2026 में कपाट बंद होने के बाद यह डोली ऊखीमठ पहुंच चुकी है और अगले सीजन में यात्रा खुलने पर इसे वापस केदारनाथ लाया जाता है।
यह बाबा केदार की उत्सव मूर्ति है, जिसे डोली में रखकर मौसम के अनुसार केदारनाथ धाम और शीतकालीन गद्दीस्थल के बीच लाया-ले जाया जाता है। जब गर्मियों में केदारनाथ धाम के कपाट खुलने का समय आता है, तो ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में विशेष पूजा और पंच स्नान के बाद पंचमुखी डोली केदारनाथ के लिए रवाना होती है।
केदारनाथ धाम पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार और परंपरागत अनुष्ठानों के साथ पंचमुखी विग्रह को मंदिर में स्थापित किया जाता है, जिसके बाद नियमित पूजा-अर्चना और दर्शन का क्रम चलता है।
ओंकारेश्वर शिवलिंग की पूजा पूरे वर्ष होती है और यह पंच केदारों के मुख्य पुजारियों (रावल) का भी शीतकालीन निवास स्थल है। मान्यता है कि सूर्यवंशी राजा मानधाता ने यहां भगवान शिव के लिए एक पैर पर खड़े होकर 12 वर्षों तक तपस्या की थी। शिव ने ‘ओंकार’ ध्वनि के रूप में दर्शन दिए, जिससे नाम ओंकारेश्वर पड़ा।








