SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘आगामी शीतकालीन सत्र को लेकर स्पष्टता और परामर्श का अभाव’, सीपीआई सांसद...

‘आगामी शीतकालीन सत्र को लेकर स्पष्टता और परामर्श का अभाव’, सीपीआई सांसद ने उपराष्ट्रपति को लिखा पत्र

0
2

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के सांसद पी. संदोष कुमार ने कहा है कि संसद के आगामी शीतकालीन सत्र के संबंध में स्पष्टता और परामर्श का अभाव है। उन्होंने आगामी सत्र के संबंध में उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन को भी पत्र लिखा है।

सीपीआई सांसद ने उपराष्ट्रपति को भेजे अपने पत्र में लिखा, “मैं आपका ध्यान संसद के आगामी सत्र को लेकर बढ़ती अनिश्चितता और पारदर्शिता की कमी की ओर आकर्षित करना चाहता हूं। मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन अभी तक किसी भी सदन का सत्रावसान नहीं किया गया है।”

उन्होंने कहा कि यह लंबी और अत्यंत असामान्य स्थिति, साथ ही शीतकालीन सत्र की तारीखों के बारे में किसी भी आधिकारिक सूचना का न होना, कई तरह की अटकलों और अनिश्चितता को जन्म दे रहा है। नवंबर का आखिरी सप्ताह आने वाला है, फिर भी इस बात पर कोई स्पष्टता नहीं है कि संसद की बैठक कब होगी। आमतौर पर शीतकालीन सत्र नवंबर-दिसंबर के आसपास आयोजित होता है और इसका कार्यक्रम काफी पहले बता दिया जाता है, ताकि सदस्य संसदीय कार्यों के लिए तैयारी कर सकें। इसलिए, वर्तमान अनिश्चितता अत्यंत चिंताजनक है।

सांसद ने अपने पत्र में यह भी कहा कि स्पष्टता की यह कमी सिर्फ एक प्रशासनिक असुविधा नहीं है, यह सरकार की उस बड़ी समस्या को दर्शाती है, जिसमें वह पारदर्शिता बनाए रखने और संसदीय महत्व के मामलों पर संबंधित पक्षों को विश्वास में लेने से कतराती है।

पी. संदोष कुमार ने लिखा, “संसद सदस्यों की अपने निर्वाचन क्षेत्रों के प्रति जिम्मेदारियां होती हैं और उन्हें अपनी यात्रा, निर्वाचन क्षेत्र के कार्यक्रमों व अन्य कार्यों की योजना संसदीय कैलेंडर को ध्यान में रखकर बनानी होती है। बिना किसी औपचारिक सूचना या परामर्श के, चुने हुए प्रतिनिधियों को अनिश्चितता की स्थिति में रखना न तो उचित है और न ही संसद के प्रभावी कामकाज के लिए सहायक है। वर्तमान शासन के तहत परामर्श और पारदर्शिता का अभाव एक दुर्भाग्यपूर्ण चलन बन गया है। जो सरकार कानून बनाने वालों को सूचित रखना जरूरी नहीं समझती, उससे यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह लोकतांत्रिक जवाबदेही के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को लेकर नागरिकों के मन में विश्वास जगा सकेगी।”

सीपीआई सांसद ने राज्यसभा के सभापति से अनुरोध किया कि वे इस मामले का संज्ञान लें और सरकार पर जोर दें कि वह संसदीय कैलेंडर के बारे में तत्काल स्पष्टता सुनिश्चित करे।

उन्होंने लिखा, “संसदीय हितधारकों के साथ सार्थक परामर्श होना चाहिए, और सदस्यों को प्रस्तावित तारीखों तथा सदन के कामकाज के बारे में पर्याप्त पूर्व सूचना दी जानी चाहिए। संसद कोई ऐसी संस्था नहीं है जिसे केवल सरकार की सुविधा के अनुसार बुलाया या संचालित किया जा सके। यह जनता का सर्वोच्च प्रतिनिधि मंच है और इसे स्थापित परंपराओं, पारदर्शिता तथा लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पूरा सम्मान करते हुए काम करना चाहिए।”

सांसद ने पत्र के आखिर में लिखा, “यह धारणा कि सरकार जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों के प्रति भी जवाबदेह होने को तैयार नहीं है, हमारे संसदीय लोकतंत्र के लिए अत्यंत हानिकारक है। मुझे पूरी उम्मीद है कि आप इसमें हस्तक्षेप करेंगे और इस मामले को सुलझाने के लिए उचित कदम उठाएंगे।”