रांची, 17 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के सिमडेगा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ नाबालिग आदिवासी लड़की की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को भाजपा एसटी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने लोकभवन के समक्ष एक दिवसीय दिया। धरने के बाद भाजपा एसटी मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में आदिवासी महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ कथित अपराधों, पुलिस की भूमिका और पत्रकारों के उत्पीड़न से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। ज्ञापन में सिमडेगा की नाबालिग आदिवासी बच्ची से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई की मांग की गई। मोर्चा ने पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा देने की भी मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि मामले में पीड़िता पर दबाव बनाने की कोशिश हुई है। ज्ञापन में आदिवासी कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की मौत का मामला भी उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मौत से पहले निशा ने जमीन विवाद और कथित उत्पीड़न को लेकर शिकायतें की थीं। इन पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मोर्चा ने सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया थाने में एक महिला के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित दुष्कर्म और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी में मिशन से जुड़े एक व्यक्ति पर आदिवासी महिला के यौन शोषण के आरोपों की भी जांच की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने भूषण बाड़ा से जुड़े मामले की खबर प्रसारित करने के बाद पत्रकारों और न्यूज चैनल के कार्यालय के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उसने इस कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा और दुर्भावनापूर्ण उत्पीड़न की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
भाजपा एसटी मोर्चा ने राज्यपाल से आग्रह किया कि वे राज्य सरकार को इन मामलों में निष्पक्ष जांच, पीड़ितों की सुरक्षा और पुलिस की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दें। मोर्चा के नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर आंदोलन तेज किया जाएगा और चरणबद्ध तरीके से विरोध प्रदर्शन होंगे।


