SGSU Advertisement
Home राजनीति अखिलेश यादव की नई घोषणाओं से जनता नहीं होगी भ्रमित: भूपेंद्र सिंह...

अखिलेश यादव की नई घोषणाओं से जनता नहीं होगी भ्रमित: भूपेंद्र सिंह चौधरी

0
3

लखनऊ, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव लगातार प्रेस वार्ताओं के माध्यम से नई-नई घोषणाएं कर रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर लोकतंत्र सेनानियों को हर माह 51 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। अखिलेश यादव की इस घोषणा पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने की कोशिश सफल नहीं होगी।

आईएएनएस से बातचीत में मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव उन्हीं लोगों के साथ खड़े हैं, जिन्होंने लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश की थी। इमरजेंसी किसने लगाई थी? वे वही लोग थे, जिनके साथ अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं। अखिलेश यादव इस बात से जनता को गुमराह नहीं कर सकते। जनता दोनों पार्टियों का चरित्र जानती है।

एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में भ्रष्टाचार हुआ और जानबूझकर रूट बदला गया, यह जगजाहिर है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने धांधली की और वह इससे मुंह नहीं मोड़ सकती।

पत्रकारों के सम्मान के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पत्रकारों के विषय में ज्ञान दे रहे हैं, लेकिन उनके कार्यकाल में शाहजहांपुर में एक पत्रकार को इसलिए जला दिया गया, क्योंकि उसने उनके मंत्री के खिलाफ खबर प्रकाशित की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार और उन्हें धमकाने के मामले में सपा का पुराना रिकॉर्ड रहा है।

मंत्री मनोज पांडे ने कहा कि पिछले दो महीनों से कुछ लोग सिर्फ एक्स और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए बहुत ज्यादा सक्रिय होने का दिखावा कर रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि जो लोग आज ये बातें कह रहे हैं, जनता उन पर हंस रही है। कल तक जो लोग पीडीए की बात कर रहे थे, क्या उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता, पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों ने राज्यसभा नामांकन के दौरान यह नहीं देखा कि उनका पीडीए असल में क्या है।

उन्होंने कहा कि मैं शुरू से ही कहता आ रहा हूं कि पीडीए उनके लिए सिर्फ एक शब्द है, जिसका इस्तेमाल वोट पाने के लिए किया जाता है। यह एक दिखावा, ढोंग और धोखा है। आज वह धोखा सबके सामने आ गया है और भविष्य में भी लगातार सामने आता रहेगा। 2012 से 2017 की सरकार के दौरान भी यह बात सामने आई थी और उत्तर प्रदेश की जनता इसे अच्छी तरह जानती है।

मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे बना था। उसमें ज्यादातर कट सैफई, इटावा, मैनपुरी और फिरोजाबाद के पास थे। इन इलाकों के आसपास कई कट दिए गए थे और अलाइनमेंट भी बदला गया था, लेकिन आज योगी आदित्यनाथ की सरकार में पूरे उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे बन रहे हैं।

भाजपा नेता दिनेश प्रताप सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र में 2014 से और उत्तर प्रदेश में 2017 से इंडी गठबंधन के घटक दलों से जनता-जनार्दन का विश्वास उठ गया है। अखिलेश यादव 2017 से यही कर रहे हैं, लेकिन उनकी दाल गल रही है। अब भी उन्हें समझ में नहीं आ रहा है। वे कितनी भी चाय और समोसे की बात कर लें, जनता का विश्वास कभी नहीं जीत पाएंगे।

उन्होंने अपने कार्यकाल में कभी उत्तर प्रदेश में विकास नहीं किया, बल्कि विनाश किया। उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की स्थिति से निकलकर उत्तम प्रदेश बना है और सर्वोत्तम प्रदेश बनने की राह पर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जब देश की सेनाएं अपना पराक्रम दिखाती हैं, तो यही समाजवादी पार्टी, यही इंडी गठबंधन और यही कांग्रेस पार्टी सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक पर सवाल खड़े करती हैं। ऐसे में अखिलेश यादव किस मुंह से लोकतंत्र सेनानियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की बात कर रहे हैं। वे जितना भी प्रयास कर लें, जितनी भी घोषणाएं कर लें और जितना भी सम्मान देने की बात कर लें, अब उत्तर प्रदेश में समाजवादियों की दाल गलने वाली नहीं है। उत्तर प्रदेश की जनता ने तय कर लिया है कि 2027 में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनेगी।