Monday, July 27, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध अलीगढ़ : दिनदहाड़े बेटी के सामने मां पर फायरिंग, पुरानी रंजिश से...

अलीगढ़ : दिनदहाड़े बेटी के सामने मां पर फायरिंग, पुरानी रंजिश से जुड़ा है मामला

0
23

लखनऊ, 6 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शनिवार दोपहर करीब 2 बजे अपराधियों ने पुरानी दुश्मनी की आड़ में एक महिला को उसकी बेटी के सामने गोली मार दी। यह घटना अलीगढ़ के रोरावर थाना इलाके के नीवरी मोड़ की बताई जा रही है, जहां बाइक सवार दो हमलावर महिला को गोली मार फरार हो गए।

इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस महिला को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। यह पूरा मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। इसी को लेकर अलीगढ़ के डीएसपी सर्वम सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे थाना रोरावर से एक महिला के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई थी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गई, जहां प्राथमिक इलाज के बाद महिला खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि जब मामले की जांच को लेकर उक्त महिला के पति से बातचीत की गई तो पता कि यह पूरा मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है। पति का कहना है कि उसके मोहल्ले में ही रहने वाले एक दल्शेर नामक व्यक्ति से पूर्व में चोरी को लेकर विवाद हुआ था, जिस कारण उसने यह घटना करवाई है।

पुलिस सभी बिंदुओं से मामले की जांच, अपराधियों की तलाश और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तलाशने में जुटी है।

बता दें कि गोलीबारी की इसी प्रकार की एक घटना 4 जून को हरियाणा के पंचकूला के पॉश सेक्टर-5 इलाके से सामने आई, जहां उस समय दहशत फैल गई, जब कुछ अज्ञात हमलावरों ने नाइट क्लब मालिक रतन लुबाना पर गोलीबारी कर दी। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

नाइट क्लब मालिक को एक गोली पेट में लगी और आर-पार निकल गई, जबकि दूसरी गोली उनके कंधे पर लगी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमले के बाद लुबाना को तुरंत पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक इलाज दिया गया। बाद में उन्हें चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में रेफर कर दिया गया। इसके बाद उनके परिवार ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।