अमेठी, 21 नवंबर (आईएएनएस)। अमेठी जिले में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने शुक्रवार रात गौरीगंज स्थित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि ठंड के मौसम में कोई भी निराश्रित, असहाय या जरूरतमंद व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरे में ठहरने वाले लोगों के लिए उपलब्ध बिस्तरों और अन्य सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने बिस्तरों पर बिछी चादरों को बदलने और खिड़कियों के टूटे शीशों को तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रैन बसेरे में आने वाले लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें ठंड से बचाव के लिए किसी तरह की परेशानी न हो।
डीएम ने रैन बसेरे के शौचालय, किचन, पेयजल व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की। इसके अलावा, पूरे परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आगंतुक रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों का अवलोकन कर जरूरी जानकारी प्राप्त की। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और नियमित रूप से निगरानी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गौरीगंज सुनील कुमार को रैन बसेरे की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि वहाँ बिस्तर, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई समेत सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहें। किसी भी जरूरतमंद को रैन बसेरे में ठहरने के दौरान असुविधा नहीं होनी चाहिए।
डीएम शशांक चौधरी ने जिले के सभी नगरीय निकायों में संचालित रैन बसेरों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शीतलहर के दौरान कोई भी निराश्रित या जरूरतमंद व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोने को विवश न हो। इसके लिए रैन बसेरों की उपलब्धता और सुविधाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए। साथ ही, जरूरत पड़ने पर खुले में रात गुजार रहे लोगों को रैन बसेरों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी धीरज श्रीवास्तव और अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









