अमृतसर, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब के अमृतसर जिले के चीते कलां गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जा रहे तीरथ सिंह पर तीन से चार अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है जबकि मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
मृतक तीरथ सिंह के परिजनों ने बताया कि युवक रोजाना की तरह गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेकने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद तीन से चार हमलावरों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उस पर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस हमले में तीरथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हमलावरों की पहचान करने और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। परिजनों ने आशंका जताई है कि वारदात को पुरानी रंजिश या आपसी विवाद के चलते अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवक की हत्या के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना से नाराज स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की वारदातों पर रोक लगाने के लिए दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
