Tuesday, June 9, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध अमृतसर में बड़ी साजिश विफल, हैंड ग्रेनेड के साथ दो विदेशी हैंडलर्स...

अमृतसर में बड़ी साजिश विफल, हैंड ग्रेनेड के साथ दो विदेशी हैंडलर्स गिरफ्तार

0
3

चंडीगढ़, 9 जून (आईएएनएस)। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी के साथ मिलकर एक संयुक्त ऑपरेशन में सीमा पार के हैंडलर्स से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं। यह जानकारी पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी।

पंजाब डीजीपी के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे और उनके निर्देशों पर काम कर रहे थे। हैंड ग्रेनेड की बरामदगी पंजाब में शांति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की एक बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है।

डीजीपी के मुताबिक, कानून की संबंधित धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ थाना घरिंडा में एफआईआर दर्ज की गई है। नेटवर्क में शामिल अन्य साथियों की पहचान करने और उनसे जुड़े संपर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। पंजाब पुलिस आतंकी नेटवर्क को खत्म करने, संगठित अपराध को मिटाने और पूरे राज्य में शांति व जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

बता दें कि इसके पहले अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार अवैध हथियार तस्करी और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने एक अफगान नागरिक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 8 अत्याधुनिक पिस्तौल और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए थे।

पंजाब डीजीपी ने बताया था कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में रहने वाले एक तस्कर के संपर्क में था, जो गुप्त तरीके से अवैध हथियारों की खेप की आपूर्ति करता था। बरामद हथियार कथित तौर पर आपराधिक तत्वों को आगे वितरण के लिए दिए जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ इस्लामाबाद पुलिस स्टेशन और अमृतसर के गेट हकीमा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।

3 जून को पंजाब डीजीपी की ओर से बताया गया था कि पंजाब में नशा और अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने सीमा पार से संचालित एक अंतरराज्यीय हथियार और ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 2.225 किलोग्राम हेरोइन, छह अत्याधुनिक पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए थे।