SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय आंध्र प्रदेश: दो दिवसीय दौरे पर गए उपराष्ट्रपति ने पद्मावती अम्मावरी मंदिर...

आंध्र प्रदेश: दो दिवसीय दौरे पर गए उपराष्ट्रपति ने पद्मावती अम्मावरी मंदिर में किया देवी दर्शन

0
4

तिरुपति, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर गए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मंगलवार को तिरुचनूर में पवित्र श्री पद्मावती अम्मावरी मंदिर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने देवी पद्मावती के दर्शन किए।

उपराष्ट्रपति की ओर से उनके कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा गया, “उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश के तिरुचनूर में पवित्र श्री पद्मावती अम्मावरी मंदिर का दौरा किया और प्रार्थना की।” इस पोस्ट में उनकी चार तस्वीरें शेयर की गईं। जिसमें वे देवी पद्मावती का दर्शन कर रहे हैं।

बता दें कि उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 26 और 27 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं। मंगलवार को दौरे का आखिरी दिन है। इस दौरे के दौरान बीते दिन सोमवार को उन्होंने स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए चिकित्सा अनुसंधान और नवाचार में अधिक निवेश का आह्वान किया।

डॉ. एनटीआर यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के रूबी जुबली समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने जोर दिया था कि तकनीक को मानवता की सेवा करनी चाहिए और स्वास्थ्य सेवा के मूल में करुणा होनी चाहिए। उन्होंने डॉक्टरों से नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई में नेतृत्व करने और नशा मुक्त समाज बनाने में मदद करने का भी आग्रह किया।

विजयवाड़ा पहुंचने से पहले उपराष्ट्रपति ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर नागरिकों को बधाई दी थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा था, “आदिकवि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण, भारतीय संस्कृति और सभ्यतागत मूल्यों की एक अमूल्य धरोहर है। इसमें निहित सत्य, कर्तव्य, त्याग, करुणा और धर्म के आदर्श आज भी मानवता का मार्गदर्शन करते हैं। उनकी शिक्षाएं हमें हमेशा नैतिक मूल्यों को अपनाने और एक सामंजस्यपूर्ण, संवेदनशील तथा सशक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करती रहेंगी।”