असम विधानसभा सत्र शुरू, विधायकों ने यूसीसी और महंगाई पर की बात

0
6

गुवाहटी, 21 मई (आईएएनएस)। असम में नई सरकार के गठन के बाद गुरुवार को विधानसभा सत्र की शुरुआत हुई। पहले दिन चुने हुए विधायकों को शपथ दिलाई गई। असम विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष चंद्र मोहन पटवारी ने सीएम हिमंता बिस्वा सरमा को 16वीं विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ दिलाई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने यूसीसी लागू करने की बात दोहराई। दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं ने महंगाई को सबसे बड़ा मुद्दा बताया।

विधानसभा परिसर में आईएएनएस से बातचीत के दौरान भाजपा विधायक दिगंता कलिता ने कहा कि आज विधानसभा का पहला दिन था। हम सबने शपथ ली। सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में हमने लोगों की समस्याओं को खत्म करने के लिए शपथ ली है।

उन्होंने कहा कि हमें पांच बार नमाज पढ़ने से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन माइक पर नमाज पढ़ने से दिक्कत है। इससे अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय आने पर हम सभी इस पर कदम उठाएंगे।

भाजपा विधायक डिप्लू रंजन सरमा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भाजपा का जब से जन्म हुआ है, हम लोगों की सेवा में खड़े हैं। प्रदेश में यूसीसी लागू होकर रहेगा।

उन्होंने कहा कि डीजल-पेट्रोल महंगे होने पर हम सभी चिंतित हैं। प्रधानमंत्री के साथ मिलकर हम लोग काम कर रहे हैं और इससे बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं। सबको यह भी बताना चाहिए कि आखिर महंगाई क्यों बढ़ रही है।

बीजेपी विधायक रूपाली लांगथासा ने भी आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मैं पहली बार विधायक बनी हूं, इसलिए मुझे अलग ही अनुभव महसूस हो रहा है। मुझे जो भी दायित्व मिलेगा, उसका पालन करूंगी और अपने क्षेत्र के लोगों के लिए काम करूंगी।

मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन ने कहा कि यूसीसी को लेकर कांग्रेस का रुख साफ है। यूसीसी के पीछे सरकार की मंशा के हम खिलाफ हैं। यूसीसी को लेकर हमें कोई जानकारी नहीं मिली है। जहां तक कांग्रेस का सवाल है, कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष ने यूसीसी को लेकर अपनी बात साफ कर दी है।

उन्होंने कहा कि महंगाई ही सबसे बड़ा मुद्दा है। पेट्रोल-डीजल महंगे होने से सबकुछ महंगा हो रहा है। बाजार में ग्राहक नहीं हैं, दुकानदार खाली बैठे हैं। हमारे लिए सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई है।