पुणे एसिड अटैक केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में कर्नाटक से दबोचा गया आरोपी

0
5

पुणे, 21 मई (आईएएनएस)। पुणे के ताडीवाला रोड इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां प्रेम संबंधों के विवाद में एक युवती पर एसिड अटैक कर दिया गया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुणे क्राइम ब्रांच ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को कर्नाटक के हुबली से गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, यह वारदात 20 मई 2026 की रात करीब डेढ़ बजे हुई। ताडीवाला रोड इलाके में आरोपी ने युवती पर अचानक एसिड फेंक दिया। हमला इतना खतरनाक था कि युवती बुरी तरह झुलस गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बंडगार्डन पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुणे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने क्राइम ब्रांच की खंडणी विरोधी पथक-2 और यूनिट-6 को जांच की जिम्मेदारी सौंपी।

पुलिस ने जांच शुरू करते ही इलाके के 50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जो घटना के बाद पुणे स्टेशन की तरफ भागता नजर आया। जांच में पता चला कि आरोपी चालुक्य एक्सप्रेस ट्रेन से फरार हुआ है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी बेहद शातिर तरीके से भागने की कोशिश कर रहा था। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए सफर के दौरान तीन बार कपड़े बदले और लगातार ठिकाने बदलता रहा। हालांकि तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उसकी लोकेशन तक पहुंच गई।

इसके बाद पुणे क्राइम ब्रांच की टीम ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मदद से कर्नाटक के हुबली में गोलक रोड इलाके के पास जाल बिछाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रीराम वधु सावनेर (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आमला तहसील के तारण वाडा इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि प्रेम संबंधों में विवाद के चलते उसने युवती पर एसिड अटैक किया।

इस पूरी कार्रवाई को पुलिस अधिकारियों अमितेश कुमार, संजय पाटिल, तेजस्विनी सातपुते, गौहर हसन और राजेंद्र मुलिक के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है।