औरंगाबाद में आग से हड़कंप, आरा मशीन जलकर खाक, लाखों का नुकसान

0
5

औरंगाबाद, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। औरंगाबाद जिले के रफीगंज शहर में मंगलवार को एक आरा मशीन में भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिसमें लाखों रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई। यह घटना रफीगंज नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 स्थित ब्लॉक रोड के पास की है, जहां अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा परिसर धू-धूकर जलने लगा और आसपास के लोग दहशत में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग हरकत में आया और दमकल की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक आरा मशीन में रखा भारी मात्रा में सामान पूरी तरह जल चुका था और बड़ा नुकसान हो गया।

आरा मशीन के संचालक आर्यन कुमार ने बताया कि आग में उनके कारखाने में रखे फर्नीचर, जैसे बेड, सोफा, पलंग, और कुर्सियों, के साथ-साथ बड़ी मात्रा में लकड़ी और मशीनरी जलकर राख हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक गाय का बछड़ा भी आग की चपेट में आ गया, जिसकी मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई।

पीड़ित के अनुसार इस घटना में 4 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है ताकि हुए नुकसान की भरपाई की जा सके।

घटना की पुष्टि करते हुए सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी मुन्ना कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल टीम को तुरंत रवाना किया गया था। उन्होंने कहा कि दमकल कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के सहयोग से आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आग आसपास के क्षेत्रों में नहीं फैल सकी।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है, और आग लगने के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।