मुंबई, 20 जुलाई (आईएएनएस)। नेशनल इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ ऑस्ट्रेलिया (एनआईएफएफए) में दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर को इंडियन इंटरनेशनल सिनेमा आइकॉन से सम्मानित किया गया है। सोमवार को अभिनेता ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर खास पोस्ट शेयर कर खुशी जाहिर की।
अभिनेता अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मन के भाव को शब्दों के जरिए उकेरते हुए लिखा, “इंडियन इंटरनेशनल सिनेमा आइकॉन अवॉर्ड। अवॉर्ड सिर्फ सम्मान पाने का नाम नहीं होते। ये हमें प्यार से याद दिलाते हैं कि हमें अपनी यात्रा को और भी ज्यादा ईमानदारी-लगन के साथ आगे बढ़ाते रहना चाहिए। मुझे एनआईएफएफए (नेशनल इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ ऑस्ट्रेलिया) की ओर से इंडियन इंटरनेशनल सिनेमा आइकॉन अवॉर्ड पाकर मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। दुर्भाग्य से मैं इस खास सम्मान को लेने के लिए वहां व्यक्तिगत रूप से मौजूद नहीं रह पाया, लेकिन मेरी कृतज्ञता और धन्यवाद ऑस्ट्रेलिया तक जरूर पहुंचते हैं। अनुपम शर्मा जी, एनआईएफएफए की पूरी टीम और इस शानदार फेस्टिवल से जुड़े सभी लोगों का दिल से धन्यवाद, जिन्होंने मुझे इस सम्मान के योग्य समझा।
उन्होंने लिखा, “हर अवॉर्ड मुझे और ज्यादा विनम्र बनाता है। यह मुझे याद दिलाता है कि सम्मान के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। लगातार सीखते, खुद को बेहतर बनाते और ऐसी कहानियां सुनाते रहना जो लोगों का मनोरंजन करें, उन्हें प्रेरित करें और उनके दिलों को छू सकें। एक बार फिर इस सम्मान के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। जय हिंद।”
अभिनेता अनुपम खेर को यह सम्मान भारतीय सिनेमा और कहानी कहने की कला में उनके चार दशक लंबे और शानदार योगदान के लिए दिया गया है। यह अवॉर्ड ऑस्ट्रेलिया का पहला और एकमात्र वार्षिक राष्ट्रीय भारतीय फिल्म महोत्सव है, जो भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का कार्य करता है। साथ ही भारतीय सिनेमा के विविध पहलुओं, स्वतंत्र फिल्मों और क्षेत्रीय कलाकारों को सम्मानित करता है।

