SGSU Advertisement
Home खेल भारत बनाम न्यूजीलैंड: तिलक-नितीश की जोड़ी के बीच 69 रन की अटूट...

भारत बनाम न्यूजीलैंड: तिलक-नितीश की जोड़ी के बीच 69 रन की अटूट साझेदारी ,रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज

0
6

क्राइस्टचर्च, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत ने तिलक वर्मा और नितीश रेड्डी की 69 रनों की अटूट साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड के खिलाफ शनिवार को टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 4 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। यह फुल मेंबर देश की तरफ से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सफल रन-चेज के दौरान 7वें विकेट के लिए संयुक्त रूप से दूसरे सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है।

तिलक-नितीश के अलावा, चमिका करुणारत्ने और दासुन शनाका की श्रीलंकाई जोड़ी भी 69 रन की अटूट साझेदारी कर चुकी है, जिसने साल 2022 में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध नाबाद 69 रन जुटाए थे। इस लिस्ट में वेन पार्नेल और रस्टी थेरोन (साउथ अफ्रीका) की जोड़ी शीर्ष पर है, जिसने साल 2011 में 64 रन की अटूट साझेदारी की थी। इस लिस्ट में अफीफ हुसैन और मोसादेक हुसैन की बांग्लादेशी जोड़ी शीर्ष पर है, जिसने साल 2019 में जिम्बाब्वे के विरुद्ध मीरपुर में 82 रन जुटाए थे।

हैगली ओवल में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 180 रन बनाए। इस पारी में ग्लेन फिलिप्स ने सर्वाधिक 70 रन बनाए, जबकि बेवॉन जैकब्स ने 58 रन की पारी खेली। भारतीय खेमे से अर्शदीप सिंह ने 33 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव और नितीश रेड्डी को 1-1 विकेट हाथ लगा।

इसके जवाब में भारत ने 19.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया ने 70 के स्कोर तक 5 विकेट खो दिए थे। इसके बाद तिलक वर्मा (नाबाद 51) ने नमन धीर (31) के साथ छठे विकेट के लिए 24 गेंदों में 42 रन जोड़े, जबकि नितीश रेड्डी (नाबाद 26) के साथ सातवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 69 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को रोमांचक जीत दिलाई। विपक्षी खेमे से मिचेल सेंटनर ने 21 रन देकर 4 विकेट निकाले।

भारत ने पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली है। अब सीरीज के शेष मुकाबले 27 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को खेले जाएंगे, जिसके बाद दोनों टीमें 5 वनडे और 2 टेस्ट मुकाबलों की सीरीज खेलेंगी।