SGSU Advertisement
Home अपराध पटना: मंदिर परिसर में की डेढ़ साल के छोटे भाई की हत्या,...

पटना: मंदिर परिसर में की डेढ़ साल के छोटे भाई की हत्या, गिरफ्तार

0
8

पटना, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटना के रानीतालाब थाना क्षेत्र के जीतनछपरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने डेढ़ साल के छोटे भाई की मंदिर परिसर में हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मंदिर परिसर में बच्चे की हत्या की घटना से ग्रामीण भी सकते में हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

पालीगंज-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार शर्मा ने शनिवार को बताया कि सुबह करीब 11:50 बजे रानीतालाब थाना पुलिस को जीतनछपरा गांव में एक बच्चे की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि जीतनछपरा निवासी रंजू यादव ट्रैक्टर चालक हैं और उनके तीन बेटे हैं। इनमें करीब 20 वर्षीय अजीत पर अपने ही छोटे भाई मनोज उर्फ हनुमान की हत्या करने का आरोप है। मृतक की उम्र करीब डेढ़ वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दबिया से मंदिर परिसर में अपने छोटे भाई की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र करने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को सूचित किया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में अग्रतर अनुसंधान जारी है। जांच के दौरान घटना से संबंधित अन्य तथ्य भी सामने आ सकते हैं। फिलहाल, हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने कहा कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है। मंदिर परिसर में इस तरह की वारदात सामने आने से स्थानीय ग्रामीण स्तब्ध हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।