Friday, July 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय भारतीय सेना और असम पुलिस का चलाया सफल संयुक्त अभियान; उल्फा(आई) कैडर...

भारतीय सेना और असम पुलिस का चलाया सफल संयुक्त अभियान; उल्फा(आई) कैडर और ओवरग्राउंड वर्कर्स गिरफ्तार

0
24

तिनसुकिया/चराइदेव, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। ऊपरी असम के तिनसुकिया, चराइदेव और शिवसागर जिलों में सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक बड़े संयुक्त अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। भारतीय सेना के ‘रेड शील्ड गनर्स’ (स्पीयर कोर) और असम पुलिस की संयुक्त टीमों ने अप्रैल 2026 में कई चरणों में अभियान चलाकर राष्ट्र-विरोधी तत्वों पर शिकंजा कसा।

अभियान में मिली सटीक टेक्निकल इंटेलिजेंस (टीईसीएचआईएनटी) और ह्यूमन इंटेलिजेंस (एचयूएमआईएनटी) के आधार पर सुरक्षा बलों ने उल्फआ(आई) के एक सक्रिय कैडर, दस ‘ओवर ग्राउंड वर्कर्स’ (ओजीडब्ल्यू) और चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इन नशा तस्करों के उल्फआ(आई) जैसे राष्ट्र-विरोधी संगठनों से गहरे संबंध होने की पुष्टि हुई है। अभियानों के दौरान नशीले पदार्थों की भी काफी मात्रा बरामद की गई।

सूत्रों के अनुसार, इन संयुक्त अभियानों का मुख्य उद्देश्य ऊपरी असम में सक्रिय अलगाववादी संगठनों के समर्थन नेटवर्क को चिन्हित कर उसे पूरी तरह से तोड़ना था। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में छापेमारी कर इन तत्वों को पकड़ा। भारतीय सेना और असम पुलिस के बीच बेहतर समन्वय और सूचना साझा करने की वजह से यह अभियान अत्यंत सफल रहा। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे समन्वित प्रयास न केवल आतंकवाद और अलगाववाद की गतिविधियों को कुचलने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं, बल्कि स्थानीय युवाओं को इन राष्ट्र-विरोधी ताकतों के जाल में फंसने से भी रोक रहे हैं।

इस सफलता पर टिप्पणी करते हुए सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने कहा, “ऊपरी असम में शांति और स्थिरता बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। हम निरंतर निगरानी और सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर ऐसे अभियान जारी रखेंगे।” स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने भी इन अभियानों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की यह सक्रिय भूमिका स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत कर रही है। क्षेत्र के लोगों ने भी अभियान का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि ऐसे प्रयासों से इलाके में पूर्ण शांति स्थापित हो सकेगी।