नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय तटरक्षक जहाज (आईसीजीएस) सुजय ने श्रीलंका के त्रिंकोमाली में तीन दिवसीय यात्रा पूरी कर ली है। 23 से 25 नवंबर तक हुई इस यात्रा का उद्देश्य समुद्री प्रदूषण से निपटने (एमपीआर) के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना और संयुक्त परिचालन तैयारियों को बेहतर बनाना था।
भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार, समर्थ श्रेणी के ऑफशोर पेट्रोल वेसल (ओपीवी) आईसीजीएस सुजय पर तैनात विशेषज्ञ प्रदूषण प्रतिक्रिया दल ने श्रीलंका तटरक्षक बल (एसएलसीजी) के कर्मियों को प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों के संचालन और तैनाती का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इससे समुद्री प्रदूषण की घटनाओं से निपटने की संयुक्त क्षमता और तैयारियों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के तटरक्षक कर्मियों के बीच सहयोग और आपसी संबंधों को बढ़ावा देने के लिए कई गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इनमें ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर संयुक्त योग सत्र, मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मुकाबला और स्थानीय नागरिकों के लिए जहाज का खुला दौरा शामिल रहा।
यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के 22 कैडेटों, तीन अधिकारियों और सात सहयोगी कर्मियों को जहाज पर सवार कराना रहा। ये सभी भारत-श्रीलंका मैत्री सेतु यात्रा संयुक्त अंतरराष्ट्रीय साइकिल अभियान में हिस्सा ले रहे हैं। उन्हें समुद्री मार्ग से त्रिंकोमाली से कराईकल तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के प्रतिभागियों के 26 नवंबर को कराईकल पहुंचने की योजना है।
यह यात्रा भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति और क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा एवं विकास (सागर) की दृष्टि के अनुरूप है। आईसीजीएस सुजय की यात्रा भारत और श्रीलंका के बीच मजबूत समुद्री साझेदारी को दर्शाती है और हिंद महासागर क्षेत्र में क्षमता निर्माण, समुद्री सुरक्षा तथा सुरक्षित समुद्री वातावरण सुनिश्चित करने के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।









