SGSU Advertisement
Home राजनीति कैप्टन स्मित की बहादुरी को भी भाजपा ने इवेंट बना दिया :...

कैप्टन स्मित की बहादुरी को भी भाजपा ने इवेंट बना दिया : इमरान मसूद

0
2

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने शनिवार को बेंगलुरु में कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। कैप्टन स्मित मच्छार से लेकर एसआईआर विवाद और अखिलेश यादव के ‘एक्स’ पोस्ट पर उन्होंने खुलकर प्रतिक्रिया दी।

कैप्टन स्मित मच्छार के साहस पर इमरान मसूद ने आईएएनएस से कहा, “कैप्टन स्मित मच्छार ने अपनी और दूसरों की जान बचाई। उनकी बहादुरी को सलाम। भाजपा ने इसको भी इवेंट बना दिया है। ऐसा कुछ भी नहीं है कि भाजपा ने हर चीज को इवेंट में बदल दिया है। हर मुद्दे को भाजपा इवेंट बना रही है।”

एसआईआर विवाद पर इमरान मसूद ने कहा, “मुद्दे को भटकाने के लिए कई चीजें की जाती हैं लेकिन असली लड़ाई राहुल गांधी लड़ रहे हैं और इस लड़ाई से देश में जो भी नतीजा आएगा वह राहुल गांधी की लड़ाई से आएगा, किसी और चीज से नहीं। यह मुद्दे को कमजोर करने और दबाव को कहीं और मोड़ने का तरीका हो सकता है। जहां तक असली लड़ाई की बात है, पूरा देश समझता है कि चुनाव आयोग ने आज पूरे देश को सवालों के घेरे में डाल दिया है। 70 सालों में जो भरोसा बना था, उसे कुर्सी पर बैठे एक व्यक्ति ने तोड़ दिया है।”

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर विवाद पर इमरान मसूद ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “हम ज्ञानेश कुमार को चैन से बैठने नहीं देंगे। ज्ञानेश कुमार को जाना होगा और उन्हें इसका जवाब देना होगा।”

एक अन्य बयान में उन्होंने कहा, “उन्होंने (भाजपा) लोकतंत्र का अपमान किया है। वे चोरी के वोटों से सरकारें चला रहे हैं। बंगाल और बिहार में ऐसी सरकारें हैं जो चोरी के वोटों से बनी हैं। वे लोकतंत्र को मारने के बाद चोरी के वोटों के दम पर सरकारें चला रहे हैं।”

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हुसैन दलवई ने कहा, “क्या पुरानी आदत है। कांग्रेस ने जो सवाल उठाए हैं, वह जो सही सवाल हैं, जनता को यह तकलीफ देने वाले सवाल हैं, लोगों का वोट चोरी का सवाल है। यह गलत सवाल कैसे हैं? इसके ऊपर ठीक ढंग से विचार करिए। विचार करने के बजाय इस तरह से नुक्ताचीनी करना, चर्चा करना बिल्कुल गलत बात है।”

बता दें कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा था कि 1980 और 1990 के दशक में बूथ लूट लिए जाते थे और मतपत्रों पर जबरन ठप्पा लगाया जाता था।

दूसरी ओर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया था कि मकसद जब साफ हो तो हाथ-में-हाथ होता है, निगाह मंजिल पर हो तो सफर आसान होता है। बात बड़ी ये नहीं है कि गठबंधन में कितनी सीटें या कौन सी सीट किसके पास जा रही है। बात बड़ी ये है कि हम सबको ये सुनिश्चित करना है कि जीत गठबंधन की हो।

इस पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, “यह बहुत अच्छी बात है कि बात सीट की नहीं जीत की है। जब सीटें ही नहीं होंगी तो जीत कैसे होगी? यही मैं भी कहूंगा। जब सीटें नहीं होंगी तो जीत कैसे होगी? जीत तभी होगी जब सीटें होंगी।”