सीबीएसई 12वीं बोर्ड के परिणाम में त्रिवेंद्रम टॉप एवं चेन्नई दूसरे स्थान पर, डिजिलॉकर पर दस्तावेज

0
4

नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। सीबीएसई 12वीं कक्षा के बोर्ड में सबसे बेहतरीन परीक्षा परिणाम केरल के त्रिवेंद्रम रीजन का रहा है। त्रिवेंद्रम ने उत्तीर्ण प्रतिशत के मामले में पूरे देश में टॉप किया है।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को कक्षा 12वीं का बोर्ड रिजल्ट जारी किया है। सीबीएसई बोर्ड के मुताबिक, देशभर से क्षेत्रवार परिणामों में त्रिवेंद्रम क्षेत्र ने 95.62 प्रतिशत परिणाम के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। चेन्नई क्षेत्र 93.84 प्रतिशत के साथ दूसरे और बेंगलुरु 93.19 पास प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। विजयवाड़ा क्षेत्र का परिणाम 92.77 प्रतिशत रहा। दिल्ली पश्चिम रीजन का परिणाम 92.34 प्रतिशत रहा। वहीं, दिल्ली पूर्व क्षेत्र का परिणाम 91.73 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

इनके अलावा, अन्य क्षेत्रों में अहमदाबाद का परिणाम 90.60 प्रतिशत रहा। गुरुग्राम क्षेत्र का पासिंग प्रतिशत 88.45, लुधियाना का 87.92 और पुणे का 87.32 प्रतिशत रहा। सबसे कम परिणाम प्रयागराज क्षेत्र में 72.43 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि पटना क्षेत्र का परिणाम 74.45 प्रतिशत रहा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 10 और 12 बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम जारी करने के साथ छात्रों के लिए डिजिटल दस्तावेज और ऑनलाइन सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी जारी की है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छात्र अपना परीक्षा परिणाम और प्रमाण पत्र डिजिटल माध्यम से आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। सीबीएसई के अनुसार, विद्यार्थी अपने प्रमाणपत्र और अन्य शैक्षणिक दस्तावेज प्राप्त करने के लिए डिजिलॉकर मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं। छात्र गूगल प्ले स्टोर से डिजिलॉकर ऐप डाउनलोड कर अपनी मार्कशीट, पासिंग सर्टिफिकेट, माइग्रेशन सर्टिफिकेट और स्किल सर्टिफिकेट देख सकेंगे। वहीं, परिणाम देखने के लिए उमंग मोबाइल ऐप भी उपलब्ध कराया गया है।

बोर्ड ने बताया कि परिणाम घोषित होते ही डिजिटल शैक्षणिक दस्तावेज सीबीएसई के डिजिटल अकादमिक भंडार ‘परिणाम मंजूषा’ के माध्यम से उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसमें मार्कशीट, सर्टिफिकेट्स , माइग्रेशन प्रमाणपत्र और स्किल सर्टिफिकेट शामिल हैं। विदेशों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी उनके डिजिटल दस्तावेज सीबीएसई डिजिलॉकर पेज के माध्यम से ईमेल पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उनके मुद्रित मार्कशीट और प्रमाणपत्र संबंधित विद्यालयों के जरिए भेजे ही जाएंगे। प्राइवेट से परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए भी बोर्ड ने अलग व्यवस्था की है। इन छात्रों को उनके आधार नंबर के माध्यम से डिजिलॉकर में इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे।

दिल्ली पूर्व और दिल्ली पश्चिम के क्षेत्रीय कार्यालयों को छोड़कर अन्य सभी विद्यार्थियों के प्रिंटेड दस्तावेज परीक्षा फॉर्म में दिए गए पते पर भेजे जाएंगे। वहीं, दिल्ली पूर्व और दिल्ली पश्चिम के विद्यार्थियों को अपने परीक्षा केंद्र से ये दस्तावेज प्राप्त करने होंगे। बोर्ड ने यह भी जानकारी दी कि मुख्य परीक्षा 2026 उत्तीर्ण करने के बाद अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहने वाले विद्यार्थियों तथा कम्पार्टमेंट श्रेणी में आए विद्यार्थियों के लिए प्रक्रिया 2 जून 2026 से शुरू होगी। इसके लिए विस्तृत परिपत्र जल्द जारी किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया केवल ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जाएगी।

सीबीएसई ने साफ किया है कि ऑनलाइन सूची जमा करने के बाद नाम या विषय में किसी प्रकार का परिवर्तन स्वीकार नहीं किया जाएगा। बोर्ड ने विद्यालयों और विद्यार्थियों को निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन करने की सलाह दी है, क्योंकि अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।