SGSU Advertisement
Home अपराध चांदनी चौक में पेड़ पर चढ़कर दुकान में की थी चोरी, पुलिस...

चांदनी चौक में पेड़ पर चढ़कर दुकान में की थी चोरी, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

0
3

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के चांदनी चौक स्थित लहंगा बाजार में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात को कोतवाली पुलिस ने महज चार दिनों में सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में नेपाल के चार नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि चांदनी चौक रोड स्थित कटरा झज्जर के लहंगा बाजार में उनकी पहली मंजिल पर स्थित दुकान का शटर और ताले तोड़कर करीब 1.27 लाख रुपये चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में पता चला कि आरोपियों ने चोरी को अंजाम देने के लिए अनोखा तरीका अपनाया था। वे पेड़ पर चढ़कर पहली मंजिल पर स्थित दुकान तक पहुंचे और शटर व ताले तोड़कर नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक लहंगा, 8 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की छड़ें सहित अन्य औजार बरामद किए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह के नेतृत्व और एसीपी अमनदीप कौर की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि वारदात में पांच लोग शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू की।

लगातार जांच और छापेमारी के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें तीन को दिल्ली के छतरपुर और एक को हरियाणा के गुरुग्राम से पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नेपाल के नागरिक हैं और कई वर्षों से दिल्ली-एनसीआर में किराये के मकानों में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशीले पदार्थों और शराब पीने के आदी हैं तथा अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेर बहादुर (51), नरेंद्र (35), ज्ञानेंद्र उर्फ घिनु बहादुर (35) और भीम बहादुर (32) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ज्ञानेंद्र उर्फ घिनु बहादुर वर्ष 2011 से दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के चार मामलों में पहले भी शामिल रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लहंगा, 8 हजार रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस वारदात में शामिल पांचवें आरोपी की भूमिका की भी जांच कर रही है।