SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय छठ घाटों पर अव्यवस्थाओं को लेकर सौरभ भारद्वाज बोले- रील वाली पूजा...

छठ घाटों पर अव्यवस्थाओं को लेकर सौरभ भारद्वाज बोले- रील वाली पूजा के प्रचार पर करोड़ों खर्च, असली घाट अंधेरे में डूबे रहे

0
2

नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में छठ महापर्व के दौरान विभिन्न घाटों पर बिजली, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं मे लापरवाही को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने सरकार पर निशाना साधा। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार पर छठ पूजा के नाम पर प्रचार और प्रोपेगेंडा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने सोशल मीडिया पर छठ पूजा की रील बनवाने और अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने पर करोड़ों रुपए खर्च कर दिए, जबकि वास्तविकता में दिल्ली के कई बड़े छठ घाट अंधेरे में डूबे रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्रचार वाली छठ पूजा और जमीन पर होने वाली छठ पूजा की तस्वीरों में बड़ा अंतर दिखाई दिया।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सोमवार सुबह भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न हुआ। इस दौरान दिल्ली में दो तरह की छठ पूजा देखने को मिली। एक तरफ सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली रील वाली छठ पूजा थी, जबकि दूसरी तरफ घाटों पर अव्यवस्थाओं के बीच पूजा करने को मजबूर वास्तविक श्रद्धालु थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने यमुना की सफाई और छठ घाटों पर बेहतर इंतजाम का प्रचार करने के लिए सैकड़ों सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को लगाया। इन लोगों ने रील बनाकर सरकार की उपलब्धियों का प्रचार किया, जबकि घाटों पर मौजूद श्रद्धालु बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होते रहे।

सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नाव से छठ घाटों का निरीक्षण करने को भी दिखावा करार दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ मंत्री कपिल मिश्रा और सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद थे। आमतौर पर मुख्यमंत्री जब किसी स्थान का निरीक्षण करती हैं तो वहां की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के निर्देश देती हैं। लेकिन छठ घाटों पर व्रती बिजली और अन्य व्यवस्थाओं की कमी को लेकर आवाज लगाते रहे और मुख्यमंत्री नाव पर बैठकर हाथ हिलाते हुए आगे बढ़ गईं।

भारद्वाज के मुताबिक, श्रद्धालुओं की अपील के बावजूद संबंधित घाटों पर रोशनी की व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 10 वर्षों में आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान छठ पूजा के लिए व्यापक इंतजाम किए जाते थे। भाजपा सरकार को पहले से चली आ रही व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाना था, लेकिन वह इसमें भी नाकाम साबित हुई। इस बार कई घाटों पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी और श्रद्धालुओं को मोमबत्तियों तथा बैटरी वाली एलईडी लाइट के सहारे पूजा करनी पड़ी। आप प्रदेश अध्यक्ष ने अलग-अलग छठ घाटों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि जगतपुर-वजीराबाद के पास स्थित श्याम घाट पर छठ पूजा के दौरान करीब दो से तीन लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बावजूद यहां रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।

उन्होंने दावा किया कि पहले इस घाट पर व्रतियों की सुविधा के लिए 40 से 50 चेंजिंग रूम बनाए जाते थे, लेकिन इस बार इनकी संख्या घटकर महज चार से पांच रह गई। इसी तरह तिमारपुर के सूर घाट पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद बिजली की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बादली के भलस्वा स्थित बड़े छठ घाट पर चार से पांच लाख लोग पूजा करने पहुंचते हैं। यहां भी श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा सोनिया विहार समेत कई अन्य घाटों पर भी रोशनी की व्यवस्था को लेकर शिकायतें सामने आईं।

भारद्वाज ने कहा कि छठ पूजा के दौरान बिजली की व्यवस्था में लापरवाही के पीछे टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी भी एक कारण रही। उनके अनुसार, छठ पर्व से महज तीन से चार दिन पहले टेंडर खोले गए, जिससे समय रहते व्यवस्थाएं पूरी नहीं हो सकीं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समर्थित छठ समितियों के लोग भी व्यवस्थाओं को लेकर सरकार की आलोचना कर रहे हैं और उनका कहना है कि इस बार इंतजाम बेहद खराब रहे। भारद्वाज ने यमुना नदी की सफाई को लेकर भाजपा सरकार के दावों पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि सरकार और उसके समर्थकों ने सोशल मीडिया के जरिए यमुना की सफाई का खूब प्रचार किया और दावा किया कि नदी काफी हद तक साफ हो चुकी है। यहां तक कि यमुना को 70 प्रतिशत तक साफ करने की बात कही गई, लेकिन इसी यमुना में हजारों मछलियों के मृत मिलने की घटना ने सरकार के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि मछलियों की मौत की घटना को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।

उन्होंने मंत्री प्रवेश वर्मा से सवाल किया कि आखिर जांच रिपोर्ट सामने लाने में देरी क्यों हो रही है? यदि मरी हुई मछलियां कहीं बाहर से लाकर यमुना में डाली गई थीं तो जांच में इसका खुलासा होना चाहिए। उन्होंने यह भी पूछा कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं किए गए, जिससे यह पता चल सके कि मछलियां नदी में कैसे पहुंचीं। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी छवि बचाने के लिए घटना से जुड़े वीडियो बनाने वाले एक दलित युवक को पुलिस के जरिए गिरफ्तार करवा रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस तरह की कार्रवाई और आवाज दबाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगी।

आप प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सवाल किया कि यमुना की सफाई और छठ पूजा की व्यवस्थाओं को लेकर झूठा प्रचार करने के लिए सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स पर कितने करोड़ रुपये खर्च किए गए? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने संगठित तरीके से दिल्ली की जनता के सामने वास्तविकता से अलग तस्वीर पेश करने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर यमुना की सफाई और घाटों की शानदार व्यवस्था दिखाई गई, जबकि जमीनी स्तर पर श्रद्धालु बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान रहे।

उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना यमुना की वास्तविक स्थिति सुधारे ही नदी को साफ होने का प्रमाणपत्र दे दिया। लेकिन मछलियों की मौत की घटना ने इन दावों की पोल खोल दी। भारद्वाज ने कहा कि सरकार को प्रचार पर खर्च किए गए पैसे और यमुना की सफाई की वास्तविक स्थिति का पूरा हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार अपनी आलोचना करने वालों और सरकार के दावों पर सवाल उठाने वालों को दबाने का प्रयास कर रही है। आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार से छठ घाटों की अव्यवस्थाओं, टेंडर प्रक्रिया और यमुना में मछलियों की मौत के मामलों पर जवाब मांगते हुए कहा कि दिल्ली की जनता को सोशल मीडिया की रील नहीं, बल्कि जमीन पर बेहतर सुविधाएं चाहिए।