बीजिंग, 13 नवंबर (आईएएनएस)। चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता, वरिष्ठ कर्नल छेन शी ने 13 नवंबर की दोपहर को हाल ही में सैन्य मामलों से संबंधित जानकारी जारी की।
एक रिपोर्टर ने पूछा कि अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की है कि अमेरिकी और चीनी सेनाओं ने वाशिंगटन में संकट संचार और निवारण कार्य समूह की बैठक की। हमने हाल ही में दोनों सेनाओं के बीच हुई कई मुलाकातों पर ध्यान दिया है, और ऐसी भी खबरें हैं कि अमेरिकी रक्षा मंत्री और प्रशांत कमान के कमांडर शायद जल्द ही चीन का दौरा करेंगे। कृपया दोनों सेनाओं के बीच हुए आदान-प्रदान के बारे में जानकारी प्रदान करें।
छेन शी ने इसके जवाब में कहा कि 2 से 3 नवंबर तक, चीनी और अमेरिकी सेनाओं ने वाशिंगटन डीसी में संकट संचार और निवारण कार्य समूह की चौथी बैठक आयोजित की। दोनों पक्षों ने दोनों राष्ट्राध्यक्षों द्वारा बनी सहमति को लागू करने, संचार और आदान-प्रदान को मजबूत करने और गलतफहमियों और भ्रांतियों से बचने पर गहन विचार-विमर्श किया।
चीनी और अमेरिकी सेनाओं के बीच संबंधों का स्थिर, स्वस्थ और टिकाऊ विकास बनाए रखना दोनों पक्षों के साझा हित में है और यह अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भी सामान्य अपेक्षा है। चीन, चीनी और अमेरिकी सेनाओं के बीच रणनीतिक संचार को महत्व देता है, और दोनों देशों के रक्षा विभाग सभी स्तरों पर आदान-प्रदान और संवाद पर संचार और समन्वय बनाए रखते हैं।
हमें उम्मीद है कि अमेरिका, चीन के साथ मिलकर दोनों राष्ट्राध्यक्षों द्वारा हासिल की गई महत्वपूर्ण सहमति को लागू करने, संचार और संवाद को मजबूत करने, मतभेदों का उचित प्रबंधन करने और चीन और अमेरिका के बीच रचनात्मक और रणनीतिक रूप से स्थिर संबंध बनाने में सकारात्मक कारक जोड़ने के लिए काम करेगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

