SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय चीनी व्यापार समुदाय ने अमेरिका से प्रस्तावित अतिरिक्त टैरिफ वापस लेने की...

चीनी व्यापार समुदाय ने अमेरिका से प्रस्तावित अतिरिक्त टैरिफ वापस लेने की मांग की

0
3

बीजिंग, 28 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका की ओर से तथाकथित ‘संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता’ के मुद्दे पर धारा 301 के तहत जांच के नतीजे घोषित करने और अतिरिक्त टैरिफ लगाने के प्रस्ताव के जवाब में, चीनी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार संवर्धन परिषद (सीसीपीआईटी) के प्रवक्ता ने 27 नवंबर को कहा कि चीनी व्यापार समुदाय अमेरिका से प्रस्तावित टैरिफ वापस लेने की मांग करता है।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों को समानता, सम्मान और आपसी लाभ के आधार पर बातचीत के जरिए संबंधित मुद्दों को सुलझाना चाहिए, ताकि चीन और अमेरिका के बीच आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों का स्थिर और सकारात्मक विकास बना रहे।

अमेरिकी समयानुसार 25 नवंबर को अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने विनिर्माण क्षेत्र में तथाकथित ‘संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता’ को लेकर धारा 301 के तहत की गई जांच के नतीजे घोषित किए। इसके साथ ही, चीन सहित 14 अर्थव्यवस्थाओं पर धारा 301 के तहत अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव भी पेश किया।

इस पर प्रवक्ता ने कहा कि चीनी व्यापार समुदाय इस कदम का कड़ा विरोध करता है। उन्होंने कहा कि तथाकथित ‘अति-क्षमता’ का दावा निराधार है। चीनी व्यापार समुदाय अमेरिका की ओर से इस मुद्दे को बहाना बनाकर चीन-अमेरिका के सामान्य आर्थिक और व्यापारिक आदान-प्रदान में हस्तक्षेप किए जाने का विरोध करता है।

प्रवक्ता ने आगे कहा कि किसी उद्योग में आपूर्ति और मांग की स्थिति का आकलन करने के लिए वैश्विक बाजार की मांग, तकनीकी प्रगति और निवेश चक्र जैसे कई पहलुओं पर व्यापक रूप से विचार करना जरूरी है। व्यापार अधिशेष भी अंतर्राष्ट्रीय श्रम विभाजन, बाजार की मांग और व्यापक आर्थिक परिस्थितियों सहित कई कारकों से प्रभावित होता है। ऐसे में, केवल व्यापार अधिशेष के आंकड़ों के आधार पर किसी उद्योग में संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता होने का निष्कर्ष निकालना पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि टैरिफ और व्यापार युद्ध किसी भी पक्ष के हित में नहीं हैं। व्यापक स्तर पर टैरिफ बढ़ाने से अमेरिकी कंपनियों की खरीद लागत बढ़ेगी, उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ पड़ेगा और वैश्विक औद्योगिक तथा आपूर्ति श्रृंखलाओं पर असर होगा। सीसीपीआईटी चीनी और अमेरिकी कंपनियों की जरूरतों पर लगातार ध्यान देगी और चीन, अमेरिका तथा अन्य देशों के व्यापारिक समुदायों के बीच संवाद और व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देती रहेगी।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)