Monday, August 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय चोरी गैंग पर अमरोहा पुलिस का शिकंजा, चोरी के सामान और हथियार...

चोरी गैंग पर अमरोहा पुलिस का शिकंजा, चोरी के सामान और हथियार बरामद

0
25

अमरोहा, 23 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की अमरोहा पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शातिर चोर गिरोह के दो आरोपी गुलफाम और अनस को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, एक बाइक, तीन अल्टीनेटर, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गुलफाम पर पहले से 6 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अनस पर 2 मामले पहले से चल रहे हैं। पूरे मामले का खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने किया।

पहला मामला डिडौली क्षेत्र के गांव हरियाणा से जुड़ा है। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि 30 अप्रैल को थाना डिडौली में गांव हरियाणा निवासी अक्रम द्वारा चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसके यहां से जनरेटर के तीन अल्टीनेटर चोरी हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और लगातार कार्रवाई करते हुए गुलफाम और अनस को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चोरी किए गए तीनों अल्टीनेटर बरामद कर लिए गए। इसके अलावा पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी काफी शातिर किस्म के अपराधी हैं और पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।

वहीं, दूसरी ओर थाना सिरौली क्षेत्र में 8 मई को हुई स्कूली चोरी की वारदात का भी पुलिस ने खुलासा किया है। शहबाजपुर क्षेत्र के एक हाई स्कूल में चोरी की घटना सामने आई थी, जहां से दो टैबलेट समेत कई सामान चोरी कर लिया गया था। इस मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी नदीम को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक चोरी किया गया टैबलेट बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार, नदीम का एक साथी फरीम पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल पुलिस फरीम के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

एएसपी अखिलेश भदौरिया ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और चोरी जैसी घटनाओं में शामिल आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।