SGSU Advertisement
Home राजनीति कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे समेत कई विपक्षी दल के नेताओं ने गुरु नानक...

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे समेत कई विपक्षी दल के नेताओं ने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व की दीं शुभकामनाएं

0
1

नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं की ओर से शुभकामनाएं दी गई हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि “सत्य सबसे ऊपर है, लेकिन सत्य का आचरण करना उससे भी ऊंचा है।” गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश उत्सव के पावन अवसर पर, मैं आप सभी को हार्दिक बधाई देता हूं। समानता, करुणा, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा की गुरु नानक देव जी की शाश्वत शिक्षाएं आज भी मानवता का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। ये शिक्षाएं धर्म, जाति और पंथ की सभी सीमाओं से परे हैं। यह पवित्र अवसर हमें सत्य, गरिमा और सद्भाव को बनाए रखने के लिए प्रेरित करे, और ‘सरबत दा भला’ यानी सभी के कल्याण के प्रति हमारे सामूहिक संकल्प को और सुदृढ़ करे।”

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव ने संपूर्ण विश्व को प्रेम, करुणा, सेवा, सद्भाव एवं समानता का सबक दिया। उनकी शिक्षाएं एवं उनके आदर्श सदैव मशाल बनकर मानवता को प्रेरित करते रहेंगे। आप सभी को गुरु पूरब की ढेरों बधाई एवं शुभकामनाएं।”

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “गुरु नानक देव के पावन प्रकाश पर्व की आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पोस्ट में लिखा, “समस्त संसार के आध्यात्मिक मार्गदर्शक, प्रथम गुरु, गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर, मैं आप सभी को हार्दिक बधाई देता हूं। गुरु साहिब ने हमें ‘नाम जपो, ईमानदारी से आजीविका कमाओ और दूसरों के साथ मिल-बांटकर रहो’ का महान सिद्धांत दिया।”

सीएम भगवंत मान ने आगे लिखा, “उन्होंने पूरी मानवता को सत्य के मार्ग पर चलने, जाति-पाति और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठने, आपसी भाईचारा बढ़ाने और सबके कल्याण के लिए कार्य करने का संदेश दिया। आइए, इस पवित्र दिन पर हम गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं और मिल-जुलकर रहने पर आधारित एक समृद्ध समाज का निर्माण करें।”

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने एक्स पोस्ट में लिखा, “सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु, गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व (जयंती) के पावन अवसर पर समस्त सिख समाज के साथियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने अपने विचारों और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे, सेवा और सद्भाव का मार्ग दिखाया। उनका संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ आज भी हमें सत्य, परिश्रम और मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा देता है।”