नई दिल्ली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। गायक अंकित हत्याकांड के दो शूटरों के उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से एनकाउंटर किए जाने के बाद पीड़ित परिजनों ने सीएम योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली की तारीफ की तो वहीं समाजवादी पार्टी ने एनकाउंटर पर सवाल उठाए गए। भाजपा नेताओं ने सपा के सवाल पर पलटवार किया। भाजपा नेता संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर अपराधियों का समर्थन करने का आरोप लगाया।
आईएएनएस से बातचीत में संगीत सोम ने कहा कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में अपराधियों के गॉडफादर हैं। वे किसी भी कीमत पर अपराधियों का साथ नहीं छोड़ना चाहते। एक समय वे मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद, मुश्ताक और अन्य अपराधियों के साथ खड़े थे और अब फिर उसी पुराने ढर्रे पर लौट आए हैं। इसी वजह से मैं कहता हूं कि पीडीए का मतलब ‘पापी, डकैत और अपराधी’ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अपराधियों के साथ खड़े हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर सनातन का अपमान करने का भी आरोप लगाया। जिस तरह से सीएम योगी का एआई वीडियो में दिखाया गया है, सनातनी आहत है और इसका जवाब आगामी चुनाव में जरूर मिलेगा। दूसरी ओर, भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी कहा था और मैं मजाक नहीं कर रहा था कि कई ज्योतिषियों ने मुझे बताया है कि अखिलेश यादव पर राहु की दशा का असर है। अगर वे इसे ठीक करने के उपाय नहीं करते हैं तो वे ऐसे ही बयान देते रहेंगे। योगी सरकार का संदेश स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश में अगर कोई अपराध करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी अपराधी के लिए उत्तर प्रदेश की जमीन पर कोई जगह नहीं है।
वहीं लोनी के विधायक नंद किशोर गुर्जर ने अंकित बालियान की हत्या को दुखद बताते हुए कहा कि इस घटना से प्रदेश और देश दुखी था। उन्होंने विपक्ष के नेताओं की ओर से एनकाउंटर पर सवाल उठाए जाने पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेता पहले भी माफिया और अपराधियों के मारे जाने पर दुख जताते रहे हैं।
भाजपा नेता राजेश चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार निष्पक्षता के साथ काम कर रही है और अपराधी की कोई जाति नहीं होती। जाति देखकर कार्रवाई करना समाजवादी पार्टी का इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और अपराध के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
