प्रिटोरिया, 27 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका में वीकेंड पर गोलीबारी की दो अलग-अलग वारदातों में 27 लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
दक्षिण अफ्रीका के अखबार ‘द सिटिजन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, लवांडले में पार्टी स्थल पर हुई गोलीबारी की घटना में 10 लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा (एसएपीएस) ने बताया कि रविवार को तड़के 2 बजे (स्थानीय समय) तड़के लवांडले में हथियारबंद लोगों ने पार्टी कर रहे लोगों पर गोलीबारी की। पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की अस्पताल ले जाने के बाद मौत हो गई।
कुल 11 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। लवांडले पुलिस ने संदिग्धों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
एक अन्य घटना में, शनिवार रात करीब 9:30 बजे (स्थानीय समय) दक्षिण अफ्रीका के गौतेंग प्रांत में कार्लटनविले के पास वेडेला में एक शराबखाने (टैवन) में संदिग्धों की गोलीबारी में कुल 17 लोगों (13 पुरुष और चार महिलाएं) की मौत हो गई और 15 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ‘द सिटिजन’ की रिपोर्ट के अनुसार, संदिग्धों के पास एके-47 और हैंडगन थीं।
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस कार्लटनविले के पास हुई गोलीबारी के सिलसिले में वांछित कम से कम आठ संदिग्धों की तलाश कर रही है।
दैनिक ने गौतेंग पुलिस की प्रवक्ता कैप्टन टिंटस्वालो सिबेको के हवाले से कहा, “जब संदिग्ध वहां पहुंचे और बाहर मौजूद लोगों पर गोलीबारी की, तो ग्राहक शराबखाने के अंदर और बाहर शराब पी रहे थे। इसके बाद संदिग्ध शराबखाने के अंदर घुस गए और अंदर मौजूद ग्राहकों पर गोलीबारी जारी रखी।”
गोलीबारी के बाद, संदिग्धों ने कथित तौर पर ग्राहकों के मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लेने के लिए उनकी तलाशी ली। इसके बाद हथियारबंद दो वाहनों में सवार होकर मौके से भाग गए और शराबखाने के पास खड़ी दो अन्य वाहनों को आग लगा दी।
आपातकालीन सेवा कर्मियों ने बताया कि 17 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
सिबेको ने कहा कि अभी तक गोलीबारी के मकसद का पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि गौटेंग पुलिस ने संदिग्धों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए गुप्तचरों और दूसरी खास यूनिट्स की एक टीम तैनात की है।
