दिल्ली: द्वारका एएटीएस ने अंतरराज्यीय कारजैकिंग गैंग पकड़ा, जम्मू-कश्मीर के कठुआ से तीन गिरफ्तार

0
6

नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। द्वारका जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय कारजैकिंग गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब 800 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद जम्मू-कश्मीर के कठुआ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी 25 अप्रैल को एक घंटे के भीतर दो सशस्त्र लूट की वारदातों को अंजाम देकर फरार हो गए थे।

पुलिस की ओर से शुक्रवार को जारी एक प्रेस नोट में बताया गया कि 25 अप्रैल को सबसे पहले विकासपुरी इलाके में बदमाशों ने एक दुकानदार से बंदूक की नोक पर 15 हजार रुपये लूटे। इसके तुरंत बाद द्वारका नॉर्थ थाना क्षेत्र में वेगास मॉल के पास एक दंपति से फोर्ड इकोस्पोर्ट कार छीन ली। दोनों घटनाओं के बाद द्वारका जिले की पुलिस हरकत में आई और एएटीएस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

जांच के दौरान सामने आया कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गैंग का हाथ था, जो बेहद सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था। गिरोह के सदस्य लगातार लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे। तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने करीब 10 दिनों तक कई राज्यों में सर्च ऑपरेशन चलाया।

इंस्पेक्टर मनीष यादव के नेतृत्व में और एसीपी ऑप्स सुभाष मलिक की निगरानी में, साथ ही एडिशनल डीसीपी-1 निहारिका भट्ट के मार्गदर्शन में, टीम ने लगातार कार्रवाई जारी रखी। करीब 5 दिनों तक जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन चलाने के बाद, पुलिस ने कठुआ में आरोपियों को ट्रैक कर लिया। 7 मई को करीब 15 किलोमीटर तक चली हाई-स्पीड कार चेज के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों की पहचान साहिल (28), अंसुल उर्फ गोलू (30) और उनके साथी हिमांशु (24) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक अंसुल उर्फ गोलू कुख्यात नीतू दबोदिया गैंग से भी जुड़ा हुआ है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई फोर्ड इकोस्पोर्ट कार और फरार होने में इस्तेमाल की गई महिंद्रा TUV गाड़ी बरामद कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि यह पूरा ऑपरेशन द्वारका एएटीएस टीम के समन्वय, तकनीकी दक्षता और लगातार प्रयासों का परिणाम है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों व लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं।