SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय डिप्टी सीएम केशव मौर्य के बयान का अयोध्या के संतों ने किया...

डिप्टी सीएम केशव मौर्य के बयान का अयोध्या के संतों ने किया समर्थन, बोलें-यह सनातनियों के दिल की बात

0
2

अयोध्या, 17 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हालिया बयान के बाद अयोध्या के संत समाज की प्रतिक्रिया सामने आई है। केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा था कि यदि वे सच्चे कृष्ण भक्त या राम भक्त हैं और उन्हें मुस्लिम वोटों का लालच नहीं है, तो वे खुलकर सामने आएं और मथुरा में कारसेवा के लिए साथ आएं। उन्होंने कहा था कि वे खुद उनके साथ रहेंगे।

इस बयान पर साकेत भवन के महंत सीताराम दास ने कहा कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जो कहा है, वह सही कहा है। यह सनातनियों के दिल की बात है। यह सनातनियों की अपनी परंपरा और विरासत की रक्षा की बात है।

उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने निश्चित तौर पर संपूर्ण हिंदू जनमानस और उत्तर प्रदेश की जनता के मन की बात कही है। वे उनके इन विचारों से सहमत हैं और संपूर्ण हिंदू सनातनी समाज उनका समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि भव्य गौरी श्रृंगार का मंदिर भी बनाया जाएगा और काशी विश्वनाथ मंदिर के साथ-साथ मथुरा में भी भव्य मंदिर बनेगा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अपने आप को यदुवंशी कहते हैं और कृष्ण का वंशज बताते हैं। ऐसे में उन्हें आगे आकर दो हाथ मिलाकर काम करना चाहिए। माथे पर लगे कलंक के टीके को मिटाकर कृष्ण जन्मभूमि मंदिर बनाने का काम करना चाहिए।

वहीं, रामदल ट्रस्ट के अध्यक्ष कल्कि राम ने भी उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या का कार्य संपन्न हो गया है। वहां एक दिव्य और भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया है लेकिन मथुरा का कार्य भी नितांत आवश्यक है। यदि यह काम समय रहते हो जाए, तो यह अच्छी बात होगी।

उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या आ रहे हैं, लेकिन उन्हें आने से पहले अयोध्या के उस इतिहास के बारे में सोचना चाहिए, जिसे पूरी दुनिया जानती है। समाजवादी पार्टी के तत्कालीन मुखिया मुलायम सिंह यादव ने अयोध्या को रक्तरंजित कर दिया था। उनके इस कृत्य के बाद एक पुस्तक भी छपी थी, जिसमें अयोध्या का रक्तरंजित इतिहास लिखा गया था।

कल्कि राम ने कहा कि आज अखिलेश यादव अयोध्या आ रहे हैं और दर्शन करेंगे। वे तो यदुवंशी हैं, ऐसे में उन्हें कृष्ण जन्मभूमि के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरा सनातन समाज उनके साथ है। यह कार्य अखिलेश यादव को करना चाहिए और उन्हें विश्वास है कि वे इसे करेंगे भी।