SGSU Advertisement
Home अपराध धनबाद के जंगल में महिला का सिर कटा शव मिला, पूजा सामग्री...

धनबाद के जंगल में महिला का सिर कटा शव मिला, पूजा सामग्री मिलने से नरबलि की आशंका

0
2

धनबाद, 11 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को जंगल से एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। महिला का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों से मिले। घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आशंका जताई कि महिला की हत्या नरबलि के उद्देश्य से की गई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने ऐसी किसी आशंका की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। घटना ढांगी बस्ती स्थित मड़ई थान के आगे चटनियां पुल के सामने जंगल की है। शुक्रवार को स्थानीय निवासी किशोर कुमार महतो शौच के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर महिला के पैर पर पड़ी। संदेह होने पर उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जंगल में महिला का शव पड़ा देखा।

ग्रामीणों की सूचना पर बलियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की और शव के अलग-अलग हिस्सों को बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, महिला का सिर प्लास्टिक के बोरे में मिला, जबकि धड़ जंगल में दूसरे स्थान पर पड़ा था। घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और महिला की हत्या को नरबलि से जोड़कर आशंका जताने लगे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी इस संबंध में कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। बलियापुर थाना के एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच होने का अनुमान है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस आसपास के गांवों और इलाकों में पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

–आईएएनएस

एसएनसी/पीएम