Monday, June 15, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘धुरंधर’ को मिल रहे रिस्पॉन्स से गदगद हुए विक्रम भांबरी, बोले- “यह...

‘धुरंधर’ को मिल रहे रिस्पॉन्स से गदगद हुए विक्रम भांबरी, बोले- “यह तो बस शुरुआत है”

0
28

मुंबई, 17 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता विक्रम भांबरी इन दिनों फिल्म धुरंधर को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में अभिनेता ने आईएएनएस के साथ फिल्म के शानदार रिस्पॉन्स और फिल्म में अनुभवी कलाकारों के साथ काम करने पर खास बातचीत की।

विक्रम भांबरी ने धुरंधर को मिल रहे रिस्पॉन्स पर कहा, “रिस्पॉन्स सचमुच जबरदस्त रहा है। मैं बस यही कहना चाहूंगा कि दर्शकों ने जो पहले देखा, वह बस शुरुआत थी। अब वे देखेंगे कि कहानी कैसे आगे बढ़ती है और हर किरदार कैसे उभरकर सामने आता है। हर लिहाज से यह अनुभव दर्शकों के लिए काफी शानदार होने वाला है।”

इसके विक्रम ने फिल्म धुरंधर मिलने पर बात की। उन्होंने कहा, “भगवान की कृपा और आसपास के लोगों के प्यार से यह मेरी जिंदगी का अहम मोड़ बन गया।

‘धुरंधर’ जैसी बड़ी फिल्म में मेरे लिए काम करना बहुत चुनौतीपूर्ण था। लोग देखते थे कि मैं खुद को कैसे पेश करता हूं, दूसरों से कैसे बात करता हूं और कितना प्रोफेशनल हूं। एक्टिंग के साथ-साथ बर्ताव और अनुशासन भी बहुत जरूरी है। यह माहौल सबके लिए अच्छा बनाता है।”

विक्रम ने बताया कि हमें ये भी सोचना पड़ता है कि निर्देशक हमारे बारे में कैसे सोच रहे हैं। उन्होंने कहा, “एक मुश्किल यह भी थी कि डायरेक्टर किरदार को कैसे देखते हैं। कई बार मुझे लगता था कि सीन को अलग तरीके से किया जा सकता है, लेकिन डायरेक्टर का नजरिया अलग होता है। उन्होंने कई बार इस पर बात भी की है, लेकिन आदित्य सर के साथ काम करने की सबसे अच्छी बात यह थी कि वह हमेशा कलाकारों को कुछ नया आजमाने की पूरी आजादी देते थे। अगर उन्हें लगता था कि कोई कलाकार सीन में कुछ नयापन ला सकता है, तो वह उन्हें कोई दूसरा तरीका आजमाने के लिए बढ़ावा देते थे। इसी खुलेपन की वजह से यह अनुभव मुश्किल होने के साथ-साथ काफी मजेदार भी रहा।”

‘धुरंधर’ की सफलता के बाद सीक्वल से दर्शकों की उम्मीदें बहुत ऊंची हैं। फिल्म को लेकर प्रशंसकों के बीच काफी उत्सुकता देखी जा रही है। यह फिल्म 19 मार्च को रिलीज होगी। फिल्म की रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग जारी है।

–आईएएनएसए

एनएस/एएस