SGSU Advertisement
Home राजनीति ईडी की कार्रवाई, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में 8 जगहों पर छापेमारी

ईडी की कार्रवाई, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में 8 जगहों पर छापेमारी

0
1

श्रीनगर, 27 नवंबर (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जम्मू कार्यालय ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर और पंजाब में 8 जगहों पर छापेमारी शुरू की है। इनमें कठुआ, उधमपुर और पठानकोट भी शामिल हैं। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत की जा रही है।

यह मामला आरोपी पूर्व एसएसबी जवान गुरमीत सिंह और उसके साथियों द्वारा चलाई जा रही एक फर्जी मनी मल्टीप्लायर/निवेश स्कीम से जुड़ा है।

ईडी की जांच जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और बिहार में विभिन्न पुलिस अधिकारियों द्वारा दर्ज की गई कई एफआईआर से शुरू हुई। इन एफआईआर में आम जनता को ठगने का आरोप है, जिसमें सेवारत और सेवानिवृत्त एसएसबी कर्मी भी शामिल हैं। उन्हें ऊंचे और निश्चित मासिक रिटर्न के झूठे वादों पर अपने पैसे निवेश करने के लिए राजी किया गया था।

वित्तीय डेटा की जांच से पता चला कि निवेशकों से करोड़ों रुपये की बड़ी रकम विभिन्न कंपनियों और संस्थाओं के जरिए इकट्ठा की गई थी। इनमें मैसर्स स्टाइल ओ इंडस्ट्री, कठुआ, मैसर्स स्टाइल ओ कम्फर्ट क्रिएशंस प्राइवेट लिमिटेड और अन्य शामिल हैं, जो आरोपी व्यक्तियों द्वारा नियंत्रित और संचालित थीं। ईडी ने कहा है कि आगे की जांच अभी चल रही है।

बता दें कि इससे पहले 9 नवंबर को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के श्रीनगर जोनल कार्यालय ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के दुरुपयोग से जुड़े एक मामले में 10.63 करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त किया था। ईडी ने यह जब्ती धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की थी।

ईडी ने अपने एक आधिकारिक बयान में बताया था कि ईडी की ओर से यह जब्ती आदेश 11 संपत्तियों (जमीन और इमारतों) के लिए जारी किया गया, जो कश्मीर के श्रीनगर और बांदीपोरा जिलों में स्थित हैं। ये संपत्तियां उन आपूर्तिकर्ताओं सह दलालों और जेएंडके बैंक के अधिकारियों के कब्जे में पाई गई हैं, जो पीएमईजीपी योजना के दुरुपयोग में शामिल थे।

ईडी ने एसीबी और सीबीआई, श्रीनगर की दो एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की थी। इन एफआईआर में आरोप लगाया गया था कि पीएमईजीपी योजना के तहत लिए गए ऋण की राशि का गबन किया गया था। इसमें पीएमईजीपी ऋण लेने वाले जेएंडके बैंक की सुंबल और गमुद गदखुद शाखाओं के अधिकारी और कुछ अन्य अज्ञात लोग शामिल थे।