SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय ईडी जांच पर सुनील जाखड़ का दावा, पंजाब में भ्रष्टाचार की परतें...

ईडी जांच पर सुनील जाखड़ का दावा, पंजाब में भ्रष्टाचार की परतें खुलनी बाकी

0
2

चंडीगढ़, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के नेता सुनील जाखड़ ने वरिष्ठ अधिकारियों को ईडी के समन के बाद भगवंत मान सरकार पर भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने अधिकारियों के ड्रग तस्करी से संभावित लिंक की जांच की मांग करते हुए कहा कि ऐसे अधिकारियों को सार्वजनिक पदों से हटाया जाए और उन्हें चुनाव ड्यूटी से भी बाहर रखा जाए।

भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट को लेकर भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने कहा, ” यह मामला अब आगे बढ़ने वाला है। जांच शुरू हो चुकी है। मैं पहले दिन से कह रहा हूं कि यह आम आदमी पार्टी की सरकार, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के प्रभाव में चल रही सरकार है। भगवंत मान केवल नाममात्र के मुख्यमंत्री हैं। वास्तविक नियंत्रण केजरीवाल और सिसोदिया के हाथ में है।”

उन्होंने कहा कि यह सबसे भ्रष्ट सरकार है। जो लोग खुद को ईमानदार बताते हैं, वे वास्तव में सबसे बड़े बेईमान साबित हुए हैं। इस बेईमान सरकार ने ऐसा कोई संस्थान नहीं छोड़ा जो भ्रष्टाचार से अछूता हो। चपरासी से लेकर मुख्य सचिव तक, आज बार-बार हाईकोर्ट में सवाल उठ रहे हैं। यह सब एक स्वाभाविक परिणाम है। ईडी को आना ही था। अभी तो आगे बहुत कुछ सामने आएगा।

भाजपा नेता ने कहा कि जहां तक पोस्टिंग और ट्रांसफर का सवाल है, पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों की नियुक्तियों और तबादलों में पैसे के लेन-देन के आरोप हैं। जो डीएसपी या अधिकारी पकड़े गए हैं, उनके साथ जुड़े लोगों के संदेश, रिकॉर्ड और लेन-देन की जांच हो रही है कि किसने किसको कितना पैसा दिया और किससे लिया।

उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि यह केवल ऊपरी हिस्सा है। मुझे लगता है कि कृष्णानु शारदा (कृष्णु शारदा), जो अब सरकारी गवाह बने हैं। हो सकते हैं कि उनके बयानों के आधार पर कई लोगों को बुलाया गया है। अब यह जांच होगी कि अधिकारियों की पोस्टिंग करवाने के लिए कृष्णानु ने वो पैसे आगे दिए किसको?

सुनील जाखड़ ने कहा कि कृष्णानु शारदा स्वयं कोई बड़ा व्यक्ति नहीं है, वह केवल एक बिचौलिया है। असली सवाल यह है कि उसने पैसा किन नेताओं तक पहुंचाया। जब मैं नेताओं की बात करता हूं तो केवल पंजाब सरकार, भगवंत मान और उनके मंत्री तो केवल कटपुतली हैं। सरकार तो दिल्ली की गैंग चला रही है। उस गैंग के कौन से नेता को पैसे पहुंचे हैं, तब बात पता लगेगी। ये सारे लोग तो जमानत पर बाहर हैं। इनकी झाड़ू से समेट कर पंजाब में फेंक दिया। कौन बड़ा है और कौन छोटा, यह नाम से तय नहीं होता। आज जिन लोगों को बड़ा नेता कहा जाता है, उनमें से कई लोग पहले भी जेल जा चुके हैं या जांच का सामना कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब में जहां भी जाइए, लोग समस्याओं से परेशान हैं। मुझे लगता है कि दिल्ली की राजनीति का कचरा पंजाब पर थोप दिया गया है। जिन्होंने कहा था कि वे झाड़ू लगाकर गंदगी साफ करेंगे, वे दिल्ली की गंदगी पंजाब में ले आए।

ईडी को लेकर भगवंत मान के आरोपों पर भाजपा नेता ने कहा कि ईडी अदालत के आदेशों के तहत कार्रवाई कर रही है। एजेंसी ने कई बार उन्हें लिखित रूप में बताया कि उसके पास क्या सबूत हैं, लेकिन उन्होंने उस पर ध्यान नहीं दिया। मैं यह भी कहना चाहूंगा कि कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं। कोई चाहे कहीं भी चला जाए, अगर जांच में कुछ निकलेगा तो कार्रवाई होगी।