SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गढ़वाल राइफल्स के दो जवानों और उनके परिजनों के निधन पर सीएम...

गढ़वाल राइफल्स के दो जवानों और उनके परिजनों के निधन पर सीएम धामी ने दुख जताया

0
4

देहरादून, 23 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार रात को भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर एक कार के ट्रेलर ट्रक से टकरा जाने के कारण, सेना के जवानों के परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई थी। इस हादसे को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है।

सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “गुजरात के कच्छ में हुए भीषण सड़क हादसे में गढ़वाल राइफल्स के दो जवानों एवं उनके परिवारों के सदस्यों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। यह हृदयविदारक दुर्घटना मन को भीतर तक झकझोर देने वाली है। इस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। पूरा प्रदेश इस दुःख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।”

सीएम की ओर से रविवार सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया था, “गुजरात के कच्छ में हुई हृदयविदारक दुर्घटना में कई लोगों के असमय काल-कवलित होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतजनों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान और शोक संतप्त परिजनों को संबल एवं धैर्य प्रदान करें। ओम शांति!”

इस भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया था। उन्होंने जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी। यह भयानक हादसा शनिवार रात को हुआ, जब पीड़ित कच्छ के रण घूमने के बाद भुज से लौट रहे थे। उनकी कार एक ट्रेलर ट्रक से टकरा गई, जिससे उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल थे, जिनमें एक नवजात शिशु भी था।

इस घटना पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, “गुजरात के कच्छ में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से बहुत दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। जान गंवाने वालों के परिवारों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।”