Monday, July 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गाजियाबाद : पैसिफिक मॉल में लगी भीषण आग, दो घंटे की मशक्कत...

गाजियाबाद : पैसिफिक मॉल में लगी भीषण आग, दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

0
20

गाजियाबाद, 21 मई (आईएएनएस)। गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में स्थित पैसेफिक मॉल में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग मॉल के अंदर स्थित मूवी थिएटर में लगी, जिसके बाद कुछ ही देर में धुआं पूरे परिसर में फैल गया।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, थिएटर के प्रोजेक्टर में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग भड़की और फिर एक ऑडी (हॉल) तक पहुंच गई। घटना के समय मॉल में कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7 बजे फायर विभाग को आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कौशांबी फायर स्टेशन सहित आसपास के कई फायर स्टेशनों से करीब दर्जनभर दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर विभाग ने तत्काल रेस्क्यू और फायर कंट्रोल ऑपरेशन शुरू किया। दमकल कर्मियों ने फायर सूट और सुरक्षा उपकरण पहनकर धुएं से भरे थिएटर के अंदर प्रवेश किया। थिएटर के भीतर धुएं की वजह से विजिबिलिटी काफी कम थी, जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इसके बावजूद फायर कर्मियों ने साहस दिखाते हुए अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रखा। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चली कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। आग बुझाने के दौरान मॉल परिसर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास के इलाके को घेर लिया और लोगों को मॉल के पास जाने से रोका गया।

फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि आग किन परिस्थितियों में फैली और सुरक्षा उपकरणों ने ठीक से काम किया या नहीं, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के बाद मॉल प्रबंधन और फायर विभाग की टीम ने पूरे थिएटर परिसर का निरीक्षण किया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।