मियामी (यूएसए), 1 मई (आईएएनएस)। साहिथ थीगाला ने कैडिलैक चैंपियनशिप के पहले राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-10 में जगह बना ली है। उन्होंने 3-अंडर 69 का स्कोर बनाया और संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर रहे। वहीं, कैमरून यंग 8-अंडर 64 के शानदार स्कोर के साथ लीड में हैं और थीगला उनसे चार शॉट पीछे हैं।
अक्षय भाटिया ने भी शानदार आगाज किया, जो 2-अंडर 70 के स्कोर के साथ 15वें स्थान पर संयुक्त रूप से हैं। इंडो-कनाडाई सुदर्शन येलामाराजू ने 74 का स्कोर किया और वह फिलहाल 52वें स्थान पर संयुक्त रूप से हैं। यह मुकाबला ट्रंप नेशनल डोराल के चुनौतीपूर्ण ‘ब्लू मॉन्स्टर’ कोर्स पर खेला जा रहा है।
थीगाला आक्रामक शुरुआत करते हुए अपने पहले पांच होल्स में ही तीन बर्डी लगाकर लीडरबोर्ड पर तेजी से ऊपर चढ़ गए। हालांकि, राउंड के बीच में उनकी रफ्तार थोड़ी धीमी हुई, लेकिन उन्होंने अपना संयम बनाए रखा और पार स्कोर से नीचे बने रहे। उनके स्कोरकार्ड में पार-4 दूसरे, पार-3 तीसरे और पार-4 पांचवें होल पर बर्डी शामिल थीं, जिसके बाद पार-5 10वें और पार-3 15वें होल पर भी उन्हें सफलता मिली।
11वें और 13वें होल पर कुछ शॉट गंवाने के कारण उनका स्कोर और कम नहीं हो पाया, लेकिन 69 का स्कोर उन्हें दौड़ में मजबूती से बनाए रखता है। वे इस सीजन की अपनी पहली जीत की तलाश में हैं, जबकि इस साल वे पहले ही चार बार टॉप-10 में जगह बना चुके हैं।
दूसरी ओर, भाटिया भी टॉप-10 में जगह बनाने की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन आखिरी होल पर हुई एक बड़ी गलती ने उन्हें पीछे धकेल दिया। 17 होल्स तक 3-अंडर पर चल रहे भाटिया का 18वें होल पर टी-शॉट सीधे पानी में चला गया। इसके चलते उन्हें बोगी का सामना करना पड़ा और वे खिसककर 15वें स्थान पर बराबरी पर आ गए।
लीडरबोर्ड के शीर्ष पर, यंग ने एक भी बोगी न करते हुए शानदार राउंड खेला। उनके खेल की मुख्य बातें थीं सटीक आयरन प्ले और पुटर का बेहतरीन इस्तेमाल, जिसकी मदद से उन्होंने कई लंबी बर्डी पुट्स को होल में डाला। उनके पास जॉर्डन स्पीथ और एलेक्स स्मैली पर एक शॉट की बढ़त है। ये दोनों ही 7-अंडर पर चल रहे हैं। स्पीथ के राउंड की खासियत थी पार-5 आठवें होल पर बनाया गया ‘ईगल’, जिसने उनके बैक-नाइन में हुई कुछ बोगियों की भरपाई कर दी।
वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी स्कॉटी शेफलर का दिन मिला-जुला रहा। उन्होंने शुरुआत तो शानदार की और शुरुआती तीन होल्स में तीन बर्डी बनाईं, लेकिन 10वें और 11वें होल पर लगातार बोगी बनाकर वे पिछड़ गए और 1-अंडर पर अपना खेल खत्म किया।
कनाडा के निक टेलर 6-अंडर 66 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि निको एचावरिया, जिन्होंने इस सीजन की शुरुआत में ‘द पाम बीचेस’ में हुए ‘कॉग्निजेंट क्लासिक’ का खिताब जीता था, उन्होंने 67 के स्कोर के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। गैरी वुडलैंड भी 68 के स्कोर के साथ मुकाबले में बने हुए हैं। थीगाला शुक्रवार को टेलर पेंड्रिथ के साथ अपने दूसरे राउंड की शुरुआत करेंगे, और उनका लक्ष्य अपनी शानदार शुरुआत को और बेहतर बनाना होगा।

