SGSU Advertisement
Home राजनीति गोरखपुर हादसे में निर्दोषों पर कार्रवाई गलत, दोषियों की हो निष्पक्ष जांच...

गोरखपुर हादसे में निर्दोषों पर कार्रवाई गलत, दोषियों की हो निष्पक्ष जांच : सपा

0
2

लखनऊ, 21 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने गोरखपुर में पीडीए रथ यात्रा के दौरान 14 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में हुई गिरफ्तारियों को लेकर प्रदेश सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि इस मामले में निर्दोष लोगों को जेल भेजना गलत है। उन्होंने मांग की कि पुलिस और प्रशासन को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए तथा जो लोग वास्तव में दोषी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा, “इस दुर्घटना में मृतक बच्चे के पिता के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं। यह बेहद दुखद घटना है। सरकार के इशारे पर वहां की पुलिस और प्रशासन ऐसे लोगों के खिलाफ गलत कार्रवाई कर रहे हैं, जिनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। निर्दोष लोगों को जेल भेजना गलत है। मैं इसकी निंदा करता हूं। दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए।”

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर भी श्यामलाल पाल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब चुनाव का समय नजदीक आ गया है, इसलिए सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के दौरे बढ़ेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार पर दो करोड़ नौकरियां देने के वादे को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

श्यामलाल पाल ने कहा कि जनता अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। सामाजिक न्याय, अपने हक और अधिकारों के लिए जनता समाजवादी पार्टी और पीडीए के साथ खड़ी है।

गोरखपुर की घटना को लेकर भाजपा के आरोपों पर सपा सांसद नारायण दास अहिरवार ने कहा कि सीसीटीवी कैमरों और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार भाजपा की है, इसलिए वह अपनी बात कहने के लिए स्वतंत्र है।

वहीं, सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर अहिरवार ने कहा कि दोनों दलों के शीर्ष नेता अखिलेश यादव और राहुल गांधी आपसी सहमति से फैसला करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों पार्टियों के बीच निश्चित रूप से गठबंधन होगा।

सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने भी गठबंधन को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में गठबंधन 300 सीटें जीतेगा और भारी बहुमत से सरकार बनाएगा। बहुजन समाज पार्टी को लेकर दिए गए एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि संबंधित नेता को शायद अपनी ही पार्टी के बारे में जानकारी नहीं है और उनकी टिप्पणी उन्हीं पर लागू होती है।

सीट बंटवारे के लिए पांच सदस्यीय समिति बनाए जाने का भी उन्होंने स्वागत किया। समिति में अनुभवी और समझदार लोग शामिल होंगे, जो तय करेंगे कि किस पार्टी को कितनी सीटें और कौन से निर्वाचन क्षेत्र मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि गठबंधन में केवल योग्य उम्मीदवारों को ही स्वीकार किया जाएगा।