ग्रेटर नोएडा, 5 मई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, नकदी और अवैध हथियार भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को थाना बीटा-2 पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गामा-2 क्षेत्र की ग्रीन बेल्ट से आरोपी मोनू श्रीवास्तव पुत्र तुलसी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से जनपद हमीरपुर के थाना मौदहा क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में भंगेल, थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से चेन स्नैचिंग के दौरान लूटे गए लॉकेट की बिक्री से प्राप्त 5500 नकद, एक चोरी की मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर) तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।
बरामद बाइक थाना सूरजपुर में दर्ज मुकदमा से संबंधित है। जांच में सामने आया है कि आरोपी शातिर अपराधी है, जो अपने साथी के साथ मिलकर राह चलते लोगों को निशाना बनाता था। विशेष रूप से महिलाओं को टारगेट कर चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 11 अप्रैल को जगत फार्म मार्केट क्षेत्र में एक महिला से चेन छीनने की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में आरोपी का साथी, जो उसका भाई सोनू श्रीवास्तव है, पहले ही पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
मोनू श्रीवास्तव उस समय से फरार चल रहा था, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट से संबंधित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति और सक्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

