अहमदाबाद, 18 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात में कांग्रेस की दो दिवसीय अहम बैठक बुधवार को शुरू होगी। इस बैठक में आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और भविष्य की रणनीति को लेकर विस्तृत मंथन किया जाएगा। कांग्रेस महासचिव और पार्टी के गुजरात प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यह जानकारी दी।
कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने अपने गुजरात दौरे को लेकर कहा, “हमने बुधवार व गुरुवार को राजनीतिक मामलों की समिति, अपने सभी विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और भविष्य की रणनीति को लेकर पर चर्चा करने की योजना बनाई है।”
उन्होंने कहा कि गुजरात से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, साथ ही ऐसे राष्ट्रीय मुद्दे भी हैं जिनका असर गुजरात पर पड़ता है। भाजपा सरकार की अक्षमता और अकुशलता के कारण मोरबी से लेकर सूरत और अहमदाबाद तक, गुजरात की जनता को बार-बार परेशानी झेलनी पड़ी है। अपनी व्यथा बताने के बावजूद किसान और खेतिहर मजदूर खून के आंसू रोने को मजबूर हैं, और आम आदमी, खासकर हमारी बहनें और घर संभालने वाली महिलाएं, का घरेलू बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है।”
सुरजेवाला ने कहा कि महंगाई बढ़ी है और सरकार स्वयं मानती है कि महंगाई 12.5 प्रतिशत (थोक महंगाई दर) तक बढ़ी है। असल में देखेंगे तो खुदरा महंगाई दर 25-30 प्रतिशत पर है। एक तरफ त्योहार का खर्चा और दूसरी तरफ भाजपा महंगाई की मार। हर चीज की कीमत में 25 से 40 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है।
कांग्रेस सांसद ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “इस तिमाही में पेट्रोलियम कंपनियों ने लगभग 35 हजार करोड़ रुपए मुनाफा कमाया है। यह पैसा साधारण जनमानस की जेब काटकर आया है। ट्रांसपोर्टेशन का खर्चा भी बेतहाशा बढ़ा है।”
उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों और गुजरात की जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इस पर कांग्रेस पार्टी एक व्यापक रूपरेखा तैयार करने के लिए दो दिन मंथन करेगी।
सुरजेवाला ने कहा, “मेरा मानना है कि हर दिन एक रोडमैप होता है। हर वह दिन जब गुजरात के लोग कठिनाइयों का सामना करते हैं, हर वह दिन जब इस देश पर कोई आपदा आती है, हर वह दिन जब राज्य की अर्थव्यवस्था कमजोर होती है, और हर वह दिन जब लोगों की आर्थिक स्थिति पर प्रहार होता है, ऐसे में एक नया रोडमैप तैयार करना हमारा कर्तव्य है, हमारा नैतिक दायित्व है और हमारी जिम्मेदारी है।”


