अहमदाबाद, 28 मई (आईएएनएस)। गुजरात के स्वास्थ्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रफुल पंशेरिया ने गुरुवार को बताया कि कांगो से आए एक संदिग्ध इबोला वायरस संक्रमित मरीज की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट से दूर रहने की अपील की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में मंत्री प्रफुल पंशेरिया ने लिखा, “कांगो से आए इबोला वायरस के एक संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे किसी भी प्रकार के डर या घबराहट में न पड़ें, अफवाहों से दूर रहें और केवल स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।” एक अन्य पोस्ट में प्रफुल्ल पंशेरिया ने लिखा, “गुजरात सरकार और स्वास्थ्य विभाग जन स्वास्थ्य की रक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क, सुसज्जित और प्रतिबद्ध हैं।”
इससे पहले, स्वास्थ्य अधिकारियों ने अफ्रीका से हाल ही में लौटे एक व्यवसायी सहित चार लोगों को क्वारंटाइन किया था। गुजरात के शिक्षा मंत्री प्रफुल पंशेरिया ने बुधवार को यह जानकारी दी थी। मंत्री के अनुसार, 37 वर्षीय व्यवसायी अमोरी लोकोला लगभग पांच से सात दिन पहले मुंबई पहुंचे और फिर वडोदरा चले गए। वडोदरा पहुंचने पर व्यवसायी को बुखार आने पर बैंकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। राज्य के स्वास्थ्य विभाग को मिली सूचना के आधार पर उन्हें अहमदाबाद सिविल अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां इबोला के लिए एक अलग आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है।
बता दें कि इबोला को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के बाद कई राज्यों ने निगरानी तेज कर दी है। डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और युगांडा में इबोला वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए डब्ल्यूएचओ की ओर से दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। इबोला वायरस के बढ़ते प्रकोप की वजह से युगांडा और डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर दिया गया है।

