अयोध्या, 20 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी सरगर्मियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अयोध्या से चुनावी माहौल गरमाने की कोशिश की। शुक्रवार को अयोध्या के सोहावल में आयोजित रैली में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी (सपा), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पर तीखे हमले किए।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि वह गुस्से में भाषण देते हैं, लेकिन आज वह गुस्से में कुछ नहीं कहेंगे, बल्कि सरकार के कामकाज का हिसाब लेंगे। इस दौरान उन्होंने बीकापुर विधानसभा सीट से जितेंद्र सिंह उर्फ बबलू को बसपा का प्रत्याशी घोषित किया। रैली को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने कहा, “लोग कहते हैं कि आकाश आजकल बहुत गुस्सा करता है और गुस्से में भाषण देता है। मैं आज पहले ही स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि गुस्से में कुछ नहीं कहूंगा। आज हम सिर्फ हिसाब पढ़ेंगे। अगर हंसी आए तो हंस लीजिएगा और अगर गुस्सा है तो हिसाब बराबर करने के लिए हाथी के सामने वाला बटन दबाकर बहन जी को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का काम कीजिएगा।”
उन्होंने कहा कि एक दौर ऐसा था, जब बहुजन समाज के लोगों को मंच के सामने कुर्सी पर बैठने तक का अधिकार नहीं मिलता था। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान ने एक व्यक्ति, एक वोट और एक कीमत का अधिकार दिया। इसी संवैधानिक ताकत के बल पर एक साधारण परिवार की बेटी ने मुख्यमंत्री बनने का सफर तय किया।
उन्होंने कहा कि न कोई बड़ा घराना था और न कोई पूंजीपति पीछे खड़ा था। स्कूल में बच्चों को पढ़ाने वाली बहन मायावती ने कांशीराम के बताए रास्ते पर त्याग, तपस्या और संघर्ष के दम पर उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री बनने का इतिहास बनाया। आकाश आनंद ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि वह अखिलेश यादव का सम्मान करते हैं, लेकिन उन्हें खुद नहीं पता कि वह करना क्या चाहते हैं। कल तक पीडीए में ‘पी’ का मतलब पिछड़ा था, लेकिन ब्राह्मण समाज के बसपा से जुड़ने के बाद रातोंरात इसका मतलब पंडित हो गया। चुनाव आते-आते ‘पी’ का मतलब फिर बदल जाएगा। वहीं, ‘डी’ और ‘ए’ इस चिंता में हैं कि कहीं अगली बार उनका नंबर न आ जाए।
आगरा में आयोजित सपा के दलित सम्मेलन को लेकर भी उन्होंने तंज कसा। आकाश आनंद ने कहा कि एक दिन के सम्मेलन से पूरी सपा आंबेडकर की अनुयायी बन गई, लेकिन गिरगिट रंग तो बदल सकता है, अपनी आदत नहीं।
उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव की टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि जिस भीड़ को सम्मान देने वह पहुंचे थे, उसी पर बरस पड़े और गुस्से में लोगों को ‘मूरख’ कह दिया।
उन्होंने अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव से इस टिप्पणी के लिए समाज से माफी मांगने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसा नहीं हुआ तो विधानसभा चुनाव में जनता अपने वोट की ताकत से जवाब देगी।
आकाश आनंद ने भाजपा सरकार को भी पेपर लीक, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की।
इस रैली में अयोध्या के अलावा सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर से भी बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता पहुंचे। आकाश आनंद पहली बार अयोध्या पहुंचे थे। रैली में बसपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के बेहतर प्रदर्शन और पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया।
–आईएएनएस
विकेटी/एमएस









