Monday, May 25, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध हमीरपुर में तीन बच्चों की तालाब में नहाते समय डूबकर मौत, परिजनों...

हमीरपुर में तीन बच्चों की तालाब में नहाते समय डूबकर मौत, परिजनों में मातम

0
7

हमीरपुर, 25 मई (आईएएनएस)। हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत खांडेह गांव में रामजानकी मंदिर के पास स्थित तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की गहरे पानी में चले जाने से डूबकर मौत हो गई। घटना की सूचना जैसे ही ग्रामीणों तक पहुंची, पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजन और आस-पड़ोस के लोग रोने-चिल्लाने लगे।

हर कोई विलाप करते हुए पूछ रहा था कि हमारा लाल कहां चला गया। परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

मृत बच्चों की पहचान प्रबल (10 वर्ष, पुत्र घनश्याम यादव), आदित्य (9 वर्ष, पुत्र राजू कुशवाहा) और भोला (10 वर्ष, पुत्र सीताराम कुशवाहा) के रूप में हुई है। तीनों ही खांडेह गांव के निवासी थे।

घटना के अनुसार, बच्चे रामजानकी मंदिर के पास स्थित तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला और तुरंत खांडेह गांव के एक प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गए। हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने उन्हें मौदहा सीएचसी रेफर कर दिया। मौदहा सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों की टीम ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार को थाना मौदहा क्षेत्रांतर्गत ग्राम खांडेह स्थित रामजानकी मंदिर के पास तालाब में नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से तीन बालकों की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर थाना मौदहा पुलिस, परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने तीनों बच्चों को तत्काल पानी से बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी मौदहा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। थाना मौदहा पुलिस मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही कर रही है।

दूसरी ओर, हमीरपुर की घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा है कि अधिकारी मृतक के परिजन से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं।