हजारीबाग, 19 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के सरदारपुर स्थित एके इंटरनेशनल होटल के बाहर गुरुवार रात करीब 9.30 बजे अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल से राहुल दुबे गैंग के नाम का एक पर्चा भी मिला है। सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और फायरिंग के पीछे के मकसद का पता लगाया जा सके। बरामद पर्चे की प्रामाणिकता और घटना में राहुल दुबे गिरोह की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इससे पहले 13 नवंबर की देर शाम बरही थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एके इंटरनेशनल होटल के पास अपराधियों ने चार से पांच राउंड गोलियां चलाई थीं। उस घटना के बाद भी मौके से राहुल दुबे गैंग के नाम का धमकी भरा पर्चा मिले था।
29 अक्टूबर की रात हजारीबाग शहर के कोर्रा थाना क्षेत्र के मटवारी स्थित एके इंटरनेशनल होटल पर भी गोलीबारी हुई थी। वाहन सवार तीन से चार अपराधियों ने होटल के मुख्य प्रवेश द्वार को निशाना बनाकर चार राउंड फायरिंग की थी। इससे प्रवेश द्वार का शीशा टूट गया था, हालांकि वहां तैनात सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बच गया था। मटवारी की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर राहुल दुबे गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।
उस पोस्ट में होटल संचालक अभय सिंह को कथित तौर पर संपर्क नहीं करने पर धमकी दी गई थी। क्षेत्र के कोयला कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों को भी चेतावनी दी गई थी। इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष टीम ने 6 नवंबर को उरीमारी जंगल क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया था।
राहुल दुबे गिरोह का नाम रांची, रामगढ़, हजारीबाग और चतरा सहित झारखंड के विभिन्न इलाकों में रंगदारी और गोलीबारी की घटनाओं के सिलसिले में सामने आता रहा है। पुलिस इन मामलों में जांच और धरपकड़ अभियान चला रही है।









