अमृतसर, 21 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन की तैयारी कर रहे सिख तीर्थयात्रियों में भारी उत्साह और उमंग है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) द्वारा जमा किए गए 1,828 आवेदनों में से 1,822 तीर्थयात्रियों को तीर्थयात्रा के लिए वीजा मिल गया है।
एसजीपीसी ने वीजा प्रक्रिया के लिए 1,828 तीर्थयात्रियों के पासपोर्ट पाकिस्तान दूतावास को भेजे थे। इनमें से 1,822 वीजा मंजूर कर लिए गए हैं जबकि छह तीर्थयात्रियों के आवेदन अलग-अलग कारणों से खारिज कर दिए गए।
वीजा मिलने के बाद शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने पासपोर्ट लेने और अपनी धार्मिक यात्रा की तैयारियां पूरी करने के लिए एसजीपीसी कार्यालय पहुंचे। यह समूह रविवार को एसजीपीसी कार्यालय से रवाना होगा। इस दौरान धार्मिक नारे और जयकारे लगाए जाएंगे। इसके बाद वे अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान में प्रवेश करेंगे।
अपनी यात्रा के दौरान, तीर्थयात्री सिखों के कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक तीर्थस्थलों पर मत्था टेकेंगे। इनमें श्री ननकाना साहिब, गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब, लाहौर स्थित गुरुद्वारा श्री डेरा साहिब, गुरुद्वारा श्री रोड़ी साहिब और गुरुद्वारा श्री सच्चा सौदा शामिल हैं। इन पवित्र स्थलों के दर्शन और प्रार्थना करने के बाद तीर्थयात्रियों के 1 दिसंबर को भारत लौटने का कार्यक्रम है।
एक श्रद्धालु ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान करते हुए गुरु नानक देव जी के जन्मस्थान और पाकिस्तान में स्थित अन्य पवित्र सिख तीर्थस्थलों के दर्शन का मौका मिलने पर खुशी जताई।
श्रद्धालु ने कहा, “मेरे मन में बहुत खुशी है कि हम गुरु नानक देव जी के जन्मस्थान और अन्य ऐतिहासिक गुरुद्वारों में मत्था टेकने जा रहे हैं। इसलिए, हम पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कल पाकिस्तान में श्री ननकाना साहिब के लिए रवाना हो रहे हैं और 1 दिसंबर को वापस लौटेंगे। वहां हम श्री ननकाना साहिब, श्री पंजा साहिब, श्री करतारपुर साहिब और लाहौर में गुरु अर्जन देव जी के ऐतिहासिक गुरुद्वारे के दर्शन करेंगे।”
उन्होंने कहा, “हम बहुत खुश हैं। हम लंबे समय से वहां जाना चाहते थे। श्री ननकाना साहिब जाने को लेकर हम बहुत खुश और उत्साहित हैं।”
एक अन्य तीर्थयात्री ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि उनका समूह लंबे समय से सिख गुरुओं से जुड़े ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने के अवसर का इंतजार कर रहा था और इसके लिए प्रार्थना कर रहा था।
श्रद्धालु ने कहा, “हम ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने जा रहे हैं। हम लंबे समय से प्रार्थना कर रहे थे कि हमें श्री ननकाना साहिब, श्री पंजा साहिब और अन्य सभी ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन का सौभाग्य मिले, और अब हम इन सभी जगहों के दर्शन करके ही लौटेंगे।”
एक अन्य श्रद्धालु ने तीर्थयात्रियों के बीच के माहौल को बेहद भावुक बताते हुए कहा कि कई वर्षों के बाद इन ऐतिहासिक तीर्थस्थलों पर जाने के अवसर ने सभी को खुशी और कृतज्ञता से भर दिया है। श्रद्धालु ने इस तीर्थयात्रा को संभव बनाने में ‘दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति’ के प्रयासों की भी सराहना की।
तीर्थयात्री ने बताया, “माहौल बहुत शानदार है। इतने वर्षों के बाद अपने ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जाते हुए हम गहरी भावनाओं से भरे हुए हैं। यह सब दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रयासों की बदौलत संभव हुआ है।”
एक चौथे श्रद्धालु ने लाहौर जाने को लेकर उत्साह जताया और कहा, “लोग कहते हैं कि जिसने लाहौर नहीं देखा, उसने असल में जिंदगी ही नहीं जी – इसलिए हम लाहौर देखने जा रहे हैं। हम ईश्वर और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के बहुत आभारी हैं कि उन्होंने हमारे वीजा मंजूर कराए; हम चारों लोगों ने आवेदन किया था और इस बार हम सभी को वीजा मिल गया।”









