Wednesday, June 17, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध राजा रघुवंशी की मां उमा बोलीं, ‘सोनम पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद...

राजा रघुवंशी की मां उमा बोलीं, ‘सोनम पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद नहीं, उसका बाहर आना गलत’

0
2

इंदौर, 17 जून (आईएएनएस)। इंदौर के बिजनेसमैन राजा रघुवंशी की उमा रघुवंशी ने सोनम रघुवंशी के जमानत पर रिहा होने और पहली बार मीडिया में आने के बाद उसके व्यवहार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनम को कोई पछतावा नहीं है, लेकिन उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा जताया और अपने बेटे के लिए न्याय मांगा।

उमा रघुवंशी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “सोनम रघुवंशी पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद नहीं हैं। सोनम ने हत्या की थी और इसीलिए उस पर आरोप लगे हैं। अगर सोनम सही होती, तो मेरा बेटा राजा आज उसके साथ बैठा होता।”

सोनम की ओर से नेपाल भागने के आरोपों को खारिज किए जाने पर राजा रघुवंशी की मां ने कहा, “कई बार पेशी का वक्त आया था, लेकिन सोनम अदालत नहीं आई। इसके बाद मेरे बेटे ने उस पर नेपाल भागने के आरोप लगाए थे। इन आरोपों के बाद ही वह बाहर निकलकर आई।”

उमा रघुवंशी ने आगे कहा, “सोनम को कोई पछतावा नहीं है। वह अपने पति की नहीं हुई तो किसी की नहीं हो सकती। उसको बिल्कुल अफसोस नहीं है कि उसने गलत किया है। वह एक मां का बेटा छीनकर आज हंस रही है।”

उमा रघुवंशी ने आरोप लगाए कि सोनम ने एक लॉकेट लगे में पहना है। वह (सोनम का परिवार) पहले तांत्रिक पर भरोसा करते थे और अभी भी भरोसा करते हैं। इसीलिए सोनम को ताबीज पहनाया था। अगर ताबीज ही पहनाना था तो उसके (सोनम) के गले में किसी के नाम का मंगलसूत्र क्यों पहनाया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सोनम के परिवार वाले ही उसकी मदद कर रहे हैं।

हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई को लेकर उमा रघुवंशी ने कहा, “मामला लगातार खिंचता जा रहा है। हमें यही उम्मीद है कि जल्द से जल्द मामले की सुनवाई हो और सोनम को कोर्ट में पेश किया जाए। हम चाहते हैं कि हमें जल्द से जल्द न्याय मिले।”

उमा रघुवंशी ने कहा कि सोनम के भाई गोविंद ने हमसे कहा था कि वह उनके साथ खड़ा है और न्याय दिलाएगा। हम यही कहना चाहते हैं कि अगर हमें न्याय दिलाना था तो वह अपनी बहन के पक्ष में क्यों खड़ा हुआ? उन्होंने यह भी कहा कि सोनम जेल से बाहर घूम रही है, जो बिल्कुल सही नहीं है।

बता दें कि पिछले साल जून में राजा रघुवंशी का शव बरामद हुआ था। वह अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून के लिए मेघालय गए थे। 23 मई को दोनों के लापता होने की सूचना थी, लेकिन 3 जून को एक गहरी खाई में राजा रघुवंशी का शव मिला था। सोनम पर अपने पति की हत्या का आरोप है।