नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की ‘लेट पेमेंट सरचार्ज (एलपीएससी) छूट योजना’ से पांच लाख से अधिक उपभोक्ताओं को 3,618.73 करोड़ रुपए का फायदा मिला है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि इस योजना के तहत डीजेबी ने बकाया राशि के मूलधन के रूप में 1,076.15 करोड़ रुपए जमा किए हैं।
उन्होंने कहा, “ताजा आंकड़ों के अनुसार, आवासीय और व्यावसायिक श्रेणियों के कुल 5,66,349 उपभोक्ताओं ने इस योजना का लाभ उठाया है।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार डीजेबी को अधिक पारदर्शी, आर्थिक रूप से टिकाऊ और उपभोक्ताओं की जरूरतों के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने बताया कि 13,39,018 पात्र आवासीय उपभोक्ताओं में से 5,48,074 ने छूट (रिबेट) का लाभ उठाया है, जिससे भागीदारी का स्तर लगभग 41 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा, “डीजेबी ने इस श्रेणी से मूलधन के रूप में 854.54 करोड़ रुपए जमा किए हैं, जबकि आवासीय उपभोक्ताओं को एलपीएससी (लेट पेमेंट सरचार्ज) छूट के रूप में 1,886.89 करोड़ रुपए का लाभ मिला है।”
प्रवेश वर्मा ने कहा, “सबसे उत्साहजनक बात यह है कि उपभोक्ता खुद आगे आकर अपना बकाया चुका रहे हैं। लोग बिना किसी दबाव के भुगतान कर रहे हैं। इससे पता चलता है कि जब उन्हें राहत का एक अच्छा अवसर मिलता है तो वे अपनी लंबित देनदारियों को निपटाने के लिए खुद तैयार रहते हैं।”
उन्होंने कहा, “हमारा मकसद सिर्फ बकाया वसूलना नहीं है, बल्कि हर पात्र उपभोक्ता के लिए अपना खाता निपटाना और छूट का लाभ उठाना आसान बनाना है। हम उन सभी आवासीय और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के आभारी हैं, जो इस पहल पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं।”
व्यावसायिक उपभोक्ताओं के बारे में जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा, “70,312 पात्र व्यावसायिक उपभोक्ताओं में से 18,275 ने इस योजना का लाभ उठाया है, जो लगभग 26 प्रतिशत भागीदारी को दर्शाता है।”
उन्होंने कहा, “भले ही व्यावसायिक श्रेणी को इस योजना में बाद में शामिल किया गया था, फिर भी इसे लेकर मिली प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही है। इस श्रेणी से मूलधन के रूप में 221.61 करोड़ रुपए जमा हुए हैं, जबकि व्यावसायिक उपभोक्ताओं को एलपीएससी छूट के जरिए 1,731.84 करोड़ रुपए का लाभ मिला है।”









