SGSU Advertisement
Home अपराध असम में डीआरआई की कार्रवाई, हाथी के दांतों की तस्करी नाकाम, संदिग्ध...

असम में डीआरआई की कार्रवाई, हाथी के दांतों की तस्करी नाकाम, संदिग्ध फरार

0
2

गुवाहाटी, 10 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गुवाहाटी के पास वन्यजीव तस्करी की एक कोशिश को नाकाम कर दिया है। इस दौरान पांच संदिग्ध धारदार हथियार लहराते हुए मौके से भाग गए, जबकि डीआरआई ने लगभग 3.7 किलोग्राम वजन वाले हाथी के दो दांत जब्त कर लिए।

अधिकारियों ने बताया कि हाथी के दांतों की तस्करी के बारे में मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर डीआरआई के अधिकारियों ने 5 नवंबर को गुवाहाटी से लगभग 27 किमी दूर सोनापुर टोल गेट के पास इस तस्करी के संदिग्ध मामले को पकड़ा।

अधिकारियों के अनुसार, शाम करीब 5:40 बजे डीआरआई की टीम ने दो दोपहिया वाहनों पर सवार पांच संदिग्धों को देखा। इनमें से एक संदिग्ध के पास एक बैग था, जिसमें वन्यजीवों से जुड़ी अवैध वस्तुएं होने का शक था।

जब अधिकारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया और पीछा कर रहे कर्मियों को कुखरी और दाओ जैसे धारदार हथियारों से डराया-धमकाया। अधिकारियों ने बताया कि अंततः संदिग्ध बैग छोड़कर पास के एक गांव की ओर भाग गए।

बाद में बैग की तलाशी लेने पर उसमें से हाथी के दो दांत मिले, जिसकी लंबाई 29 इंच और 30 इंच थी। जब्त किए गए इन दांतों का कुल वजन लगभग 3.7 किलोग्राम था।

इन दांतों को ‘वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972’ के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया और बाद में आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए असम वन विभाग को सौंप दिया गया।

भारतीय कानून के तहत हाथी के दांत उन वन्यजीव उत्पादों में शामिल हैं, जिन्हें कड़ी सुरक्षा प्राप्त है। हाथियों को ‘वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम’ की अनुसूची-I में रखा गया है। वहीं, ‘लुप्तप्राय वन्यजीव और वनस्पति प्रजातियों में अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर कन्वेंशन’ (सीआईटीईएस) के तहत हाथी के दांतों के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर भी कड़े प्रतिबंध हैं।

इस जब्ती से पूर्वोत्तर भारत में वन्यजीव तस्करी को लेकर चिंताएं फिर सामने आई हैं। यह क्षेत्र अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ा है और अक्सर संरक्षित प्रजातियों तथा वन्यजीव उत्पादों की अवैध तस्करी के लिए एक ‘ट्रांजिट कॉरिडोर’ (रास्ते) के रूप में पहचाना जाता रहा है।

डीआरआई ने कहा कि वह खुफिया जानकारी पर आधारित अभियानों और अन्य प्रवर्तन व वन एजेंसियों के साथ समन्वय के जरिए वन्यजीव तस्करी से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस कथित तस्करी नेटवर्क में शामिल लोगों की पहचान करने और उनका पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।