SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना ने ड्रोन हमले में दो घरों को बनाया...

बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना ने ड्रोन हमले में दो घरों को बनाया निशाना, एक नागरिक घायल

0
3

क्वेटा, 27 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान की सेना लगातार बलूचिस्तान के नागरिकों को निशाना बना रही है। इसी कड़ी में वाशुक जिले में पाकिस्तानी सेना ने दो घरों पर ड्रोन से हमला किया, जिसमें एक युवक घायल हो गया।

स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने वाशुक के राघई इलाके में स्थित मुल्ला धुनी गांव में एक सैन्य अभियान के दौरान ड्रोन हमले में दो घरों को निशाना बनाया। रिपोर्ट में कहा गया कि यह ताजा घटना ऐसे समय में हुई, जब बलूचिस्तान में नागरिकों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं।

‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तानी सेना ने केच जिले के बुलेदा में कुचक और उसके आसपास के इलाकों में जमीनी अभियान भी चलाया। एक अन्य घटनाक्रम में, पासनी के कुलांच इलाके में कुंदरी सर दश्त में भी एक अभियान की खबर है। रिपोर्टों के अनुसार, इस दौरान सेना के जवानों के साथ एक सशस्त्र समूह के सदस्य भी थे, जिन्हें स्थानीय लोग ‘डेथ स्क्वाड’ कहते हैं।

इससे पहले, बलूचिस्तान के सुराब जिले में पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में दो महिलाएं घायल हो गई थीं। इस हमले को पूरे प्रांत में चल रही ‘सामूहिक सजा’ का हिस्सा बताते हुए ‘बलूच यकजेहती कमेटी’ (बीवाईसी) ने कहा कि बुधवार सुबह पाकिस्तानी सेना ने सुराब के हाजिका इलाके में गोले दागे, जिसमें गुल बीबी नाम की एक बुजुर्ग महिला और आठ साल की एक बच्ची घायल हो गईं।

बीवाईसी ने कहा, “हाजिका के लोगों के लिए ऐसे हमले कोई नई बात नहीं हैं। उन्हें अपने रोजमर्रा के जीवन में लगातार छापेमारी, धमकियों और सैन्य अभियानों का सामना करना पड़ता है, जबकि राज्य की अपनी सुरक्षा विफलताओं का खामियाजा भी उन्हें ही भुगतना पड़ता है। पूरे सुराब में डर का माहौल है। मंडोखेल, अनारी और सुरक में रहने वाले लोग पाकिस्तानी सेना की धमकियों और सैन्य अभियानों का सामना कर रहे हैं, जिससे उनका रोजमर्रा का जीवन जीना मुश्किल होता जा रहा है।”

संगठन ने आगे कहा, “सोलर पैनल तोड़ दिए जाते हैं, कृषि भूमि को नुकसान पहुंचाया जाता है और परिवारों की आजीविका के साधन छिन जाते हैं। महिलाओं व बच्चों को परेशान और डराया-धमकाया जाता है, जिससे वे और भी असुरक्षित हो जाते हैं। ये घटनाएं बलूच लोगों को निशाना बनाकर दी जा रही ‘सामूहिक सजा’ और उत्पीड़न के एक लगातार जारी पैटर्न को दर्शाती हैं।”

बीवाईसी ने आगे आरोप लगाया कि पाकिस्तानी बलों ने मस्तुंग रोड पर एक ड्रोन हमले में आम नागरिकों को निशाना बनाया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।