श्री विजयपुरम, 1 जून (आईएएनएस)। अंडमान और निकोबार प्रशासन द्वीपसमूह को एक वैश्विक स्कूबा डाइविंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए ठोस प्रयास कर रहा है।
इसी उद्देश्य से, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लेफ्टिनेंट गवर्नर एडमिरल डीके जोशी (सेवानिवृत्त) के समक्ष द्वीपों में नए डाइविंग स्थलों और पानी के नीचे के आकर्षणों की खोज पर एक प्रस्तुति दी गई।
एक अधिकारी ने बताया कि नॉर्थ बे, स्वराज द्वीप, शहीद द्वीप, लॉन्ग आइलैंड और एवेस आइलैंड जैसे विभिन्न स्थानों पर कृत्रिम रीफ, जहाज के मलबे में डाइविंग और समुद्री थीम वाले प्रतिष्ठानों के विकास पर चर्चा हुई। इससे सतत पर्यटन, प्राकृतिक रीफ के संरक्षण और प्रवाल भित्तियों के पुनर्स्थापन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही अंडमान और निकोबार द्वीप समूह को वैश्विक डाइविंग मानचित्र पर प्रमुख स्थान मिलेगा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा, स्थानीय डाइविंग संस्थानों के प्रतिनिधि भी बैठक में उपस्थित थे।
क्रिस्टल-क्लियर फिरोजी वाटर, स्वस्थ प्रवाल भित्तियां, विविध समुद्री जीवन और जहाजों के मलबे अंडमान को स्कूबा डाइविंग के शौकीनों के लिए एक स्वप्निल गंतव्य बनाते हैं।
द्वीपों पर स्थित डाइविंग संस्थान आरामदेह रीफ डाइव से लेकर रोमांचक ज्वालामुखी-दीवार डाइव तक, हर तरह के अनुभव प्रदान करते हैं। गोताखोर मंटा रे, रीफ शार्क, कछुए और रंग-बिरंगी मछलियों के झुंड देख सकते हैं।
सबसे अच्छी बात यह है कि अंडमान में पानी के नीचे के जीवन का अनुभव करने के लिए विशेषज्ञ गोताखोर होना जरूरी नहीं है। बुनियादी प्रशिक्षण के बाद, पहली बार डाइविंग करने वाले भी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में पानी के नीचे जा सकते हैं।
एक अन्य अधिकारी ने कहा कि हैवलॉक में एलिफेंट बीच और द वॉल, नील द्वीप के कोरल गार्डन और बैरन द्वीप पर स्थित दूरस्थ पानी के नीचे का ज्वालामुखी सबसे लोकप्रिय डाइविंग स्थलों में से हैं। उत्कृष्ट दृश्यता, गर्म पानी और समृद्ध जैव विविधता के साथ, अंडमान उन गोताखोरों के लिए एक अनूठा और शानदार गंतव्य है जो दुनिया के कम घूमे हुए हिस्से की खोज करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि देश के लोगों को स्कूबा डाइविंग के अनुभव के लिए विदेश जाने की कोई आवश्यकता नहीं है।
इसके बजाय, स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए द्वीपसमूह में अधिक विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

