SGSU Advertisement
Home अपराध हैदराबाद में 5 साल की बच्ची का अपहरण कर हत्या, नौकरी से...

हैदराबाद में 5 साल की बच्ची का अपहरण कर हत्या, नौकरी से निकाले गए सिक्योरिटी गार्ड पर शक

0
7

हैदराबाद, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि सिकंदराबाद में एक आवासीय परिसर (गेटेड कम्युनिटी) में एक सिक्योरिटी गार्ड ने कथित तौर पर एक कृषि वैज्ञानिक की पांच साल की बेटी का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी।

शनिवार शाम को अगवा की गई लड़की कोवकुर (बोल्लारम) के ‘विला ऑर्किड्स’ में एक क्लबहाउस के तहखाने में मृत पाई गई, जहां उसका परिवार रहता है। लड़की के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उसका शव पानी के एक टैंक में डाल दिया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, अपहरणकर्ता ने लड़की के परिवार को फोन करके 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। परिवार पैसे देने को तैयार हो गया था लेकिन बाद में आरोपी ने अपना फोन बंद कर लिया। पुलिस को शक है कि फिरौती मांगने के बाद अपहरणकर्ता ने बच्ची की हत्या कर दी। अपहरणकर्ता की पहचान विक्रम के तौर पर हुई है, जो उस गेटेड कम्युनिटी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था।

मोसेस ऑरेली (5) शनिवार शाम को मल्काजगिरी कमिश्नरेट के बोल्लारम पुलिस स्टेशन इलाके में कोवकुर स्थित ‘विला ऑर्किड्स’ में अपने विला के पास खेलते समय लापता हो गई थी। पुलिस ने लड़की के माता-पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया और बच्ची को खोजने के लिए ऑपरेशन शुरू किया।

पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि विक्रम अपहरण करने से पहले लड़की का पीछा कर रहा था। पुलिस ने विक्रम को खोजने के लिए 10 स्पेशल टीमें बनाई हैं, उसका फोन सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पास बंद पाया गया था।

शनिवार रात पुलिस की कई टीमों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान में ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया गया। पुलिस टीमों ने सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के आसपास के लॉज और होटलों की तलाशी ली। पुलिस संदिग्ध का पता लगाने और बच्चे की मौत से जुड़ी घटनाओं का क्रम समझने की कोशिश कर रही थी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुरक्षा गार्ड को खराब व्यवहार के कारण दो दिन पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। शक है कि उसने बदले की भावना से बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी क्योंकि ऑरेलु के दादा उस समिति का हिस्सा थे, जिसने कई निवासियों की शिकायतों के बाद विक्रम को नौकरी से निकाला था।

बच्ची के अपहरण और हत्या की खबर से गेटेड कम्युनिटी और आसपास के इलाकों के निवासियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने मांग की कि पुलिस तुरंत दोषी को गिरफ्तार करे और सुनिश्चित करे कि उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले।